जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटने के बाद आज आतंकियों ने एक और BJP नेता की हत्या कर दी। आतंकियों ने बीजेपी नेता राकेश पंडित की पुलवामा में उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी। राकेश पंडित को गोली लगने के बाद गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

राकेश पंडित पुलवामा जिले में त्राल के नगर पार्षद थे। वे कश्मीरी पंडित थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हमले में एक महिला के पैर में भी गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई है। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जम्मू कश्मीर पुलिस ने ट्वीट करके कहा कि त्राल में आतंकवादियों ने पार्षद राकेश पंडित की गोली मार कर हत्या कर दी। उन्हें दो 2 पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद राकेश पंडित बिना सिक्योरिटी के त्राल चले गए।

जम्मू-कश्मीर के आईजी विजय कुमार ने कहा कि त्राल के नगर पार्षद राकेश पंडिता सोमनाथ की आज शाम तीन अज्ञात आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। जम्मू कश्मीर पुलिस ने बताया कि पूरे इलाके को घेर लिया गया है और इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले आतंकियों की तलाशी जारी है। 

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।