रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) ने बुधवार को वित्त वर्ष 2020-21 के लिए अपनी सालाना रिपोर्ट (annual report ) जारी की। RIL के चैयरमैन मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) ने कहा कि रिलायंस के पास ग्रोथ को सपोर्ट करने के लिए अब मजबूत बैलेंसशीट है। इसके साथ ही उन्होंने JIO, रिलायंस रिटेल और ऑयल-टू-केमिकल (O2C) बिजनेस में भारी निवेश के संकेत दिए।

मुकेश अंबानी ने कहा कि हमारे पास अब मजबूत बैलेंस शीट और पर्याप्त लिक्विडिटी है जिससे हमारे तीन हाइपर ग्रोथ इंजन- रिलायंस जियो, रिटेल और ऑयल-टू-केमिकल के ग्रोथ प्लान को सपोर्ट मिलेगा। RIL की लेटेस्ट वार्षिक रिपोर्ट में अंबानी ने कहा है कि इन तीनों बिजनेस के ग्रोथ प्लान को सपोर्ट करने के लिए कंपनी के पास लिक्विडिटी की कोई कमी नहीं है।

मुकेश अंबानी ने कहा है कि कंपनी ने अपने टेलीकॉम और डिजिटल बिजनेस का संचालन करने वाले जियो प्लेटफॉर्म्स और रिटेल कारोबार में माइनॉरिटी शेयर बेचकर करीब 2 लाख करोड़ रुपये जुटाए हैं। इसके अलावा कंपनी ने राइट्स इश्यू के जरिए भी 53,124 करोड़ रुपये जुटाये हैं। जिससे कंपनी ने नेट जीरो-डेट (Net Zero Debt) यानी कर्ज मुक्त होने के लक्ष्य को तय समय से पहले ही हासिल कर लिया है।

उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2020-21 के दौरान रिलायंस ने जियो प्लेटफॉर्म्स की हिस्सेदारी बेचकर 1,52,056 करोड़ रुपये जुटाए हैं, जबकि रिटेल बिजनेस में माइनॉरिटी शेयर बेचने से कंपनी को 47,265 करोड़ रुपये मिले हैं। इसके अलावा कंपनी ने BP ने कंपनी के फ्यूल रिटेल बिजनेस में 49% शेयर खरीदने के लिए 7,629 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इन सभी फंड्स से रिलायंस Net Zero Debt कंपनी बन गई है।

टेक्नोलॉजी और इनोवेशन पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि भविष्य उन्हीं कंपनियों और संस्थानों का है, जो डिजिटल रिवोल्यूशन को लीड करेंगे और इसका भरपूर फायदा उठाएंगे। उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी अब हरेक व्यक्ति के जीवन का अभिन्न अंग बन गया है। साथ ही यह सभी बिजनेस का ड्राइविंग फोर्स बन गया है।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।