दिल्ली की जवाहर लाल यूनिवर्सिटी के छात्र संघ चुनावों में एक बार फिर लेफ्ट का परचम लहराया है। एकजुट होकर चुनाव लड़ रहे वामपंथी संगठनों ने सेंट्रल पैनल की चारों सीटों पर कब्जा जमाया है। राष्ट्रवाद बनाम देशद्रोह के नाम पर लड़े गए इस चुनाव में एबीवीपी को एक भी सीट नहीं मिल पाई। अध्यक्ष पद पर एआईएसए के मोहित पांडेय ने एबीवीपी की जाह्नवी ओझा को 400 से ज्यादा वोटों से हराया। उपाध्यक्ष पद पर एसएफआई के अमल पीपी ने एबीवीपी के रवि रंजन को 1300 वोटों से हराया। महासचिव के पद पर एसएफआई की शतरूपा चक्रवर्ती ने एबीवीपी के विजय को करीब 11 सौ वोटों से हराया। वहीं एआईएसए के तबरेज हसन संयुक्त सचिव चुने गए, इन्होंने डीएसएफ के प्रतिम गोयल को हराया।
