Get App

नॉन-ओरल केयर में ज्यादा ग्रोथः एस्सेल प्रोपैक

सालाना आधार पर पहली तिमाही में एस्सेल प्रोपैक का मुनाफा 35.5 करोड़ रुपये से बढ़कर 37.6 करोड़ रुपये हो गया है।

MoneyControl Newsअपडेटेड Sep 02, 2016 पर 12:29 PM
नॉन-ओरल केयर में ज्यादा ग्रोथः एस्सेल प्रोपैक

वित्त वर्ष 2017 की पहली तिमाही में एस्सेल प्रोपैक का मुनाफा 5.9 फीसदी बढ़कर 37.6 करोड़ रुपये हो गया है। वित्त वर्ष 2016 की पहली तिमाही में एस्सेल प्रोपैक का मुनाफा 35.5 करोड़ रुपये रहा था। हालांकि वित्त वर्ष 2017 की पहली तिमाही में एस्सेल प्रोपैक की आय 5.7 फीसदी घटकर 528 करोड़ रुपये रही है। वित्त वर्ष 2016 की पहली तिमाही में एस्सेल प्रोपैक की आय 560.1 करोड़ रुपये रही थी।

साल दर साल आधार पर अप्रैल-जून तिमाही में एस्सेल प्रोपैक का एबिटडा 101 करोड़ रुपये से घटकर 97.6 करोड़ रुपये रहा है। सालाना आधार पर अप्रैल-जून तिमाही में एस्सेल प्रोपैक का एबिटडा मार्जिन 18 फीसदी से बढ़कर 18.5 फीसदी रहा है।

सीएनबीसी-आवाज़ से नतीजों पर बात करते हुए एस्सेल प्रोपैक के वाइस चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर अशोक गोयल ने कहा कि पिछले 1-1.5 साल से भारत में कारोबार काफी सुस्त था, लेकिन इस साल भारत में ओरल के अलावा नॉन-ओरल केयर दोनों कारोबार में ग्रोथ अच्छी रही है। नॉन-ओरल केयर में ज्यादा ग्रोथ देखने को मिली है।

अशोक गोयल ने बताया कि मेक्सिको के कारोबार में 16 फीसदी की ग्रोथ दिखी है। फिलिपींस के कारोबार में 24 फीसदी की ग्रोथ देखने को मिली है। रूस के कारोबार में 17-18 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की गई है। हालांकि अमेरिका के कारोबार में ग्रोथ कम हुई है, लेकिन आने वाले दिनों में यूएस के कारोबार में ग्रोथ वापस पटरी पर लौटने की उम्मीद है। वित्त वर्ष 2017 में आय 12 फीसदी बढ़ने की उम्मीद है, जबकि मुनाफा 20 फीसदी बढ़ने का अनुमान है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें