अदाणी पावर झारखंड (एपीजेएल) ने कहा है कि अगर बांग्लादेश 7 नवंबर तक करीब 7,200 करोड़ रुपये बकाया अमाउंट का पेमेंट नहीं करता है तो वह बिजली की सप्लाई रोक देगी। टाइम्स ऑफ इंडिया ने यह खबर दी है। एपीजेएल अदाणी पावर की सब्सिडियरी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अदाणी पावर झारखंड बकाया पैसे का पेमेंट नहीं होने से बांग्लादेश को अभी बिजली की 50 फीसदी सप्लाई ही कर रही है। पावर ग्रिड बांग्लादेश पीएलसी के डेटा के मुताबिक, अदाणी प्लांट ने 31 अक्टूबर को अपना उत्पादन काफी घटा दिया था। इससे बांग्लादेश में 1,600 मेगावॉट बिजली की कमी हो गई है।
अभी सिर्फ 700 मेगावॉट की सप्लाई हो रही
डेली स्टार के मुताबिक, अदाणी के प्लांट की कुल क्षमता 1,496 मेगावॉट है। यह पिछले कुछ समय से सिर्फ 700 मेगावॉट का उत्पादन कर रहा है। Adani Power ने बांग्लादेश पावर डेवलपमेंट बोर्ड (PDB) को एक लेटर लिखा था। इसमें 30 अक्टूबर को बकाया पैसे का पेमेंट करने को कहा गया था। 27 अक्टूबर को लिखे गए इस लेटर में कहा गया था कि बकाया पैसे का पेमेंट नहीं होने पर कंपनी बिजली की सप्लाई बंद कर देगी। कंपनी ने पावर पर्चेज एंग्रीमेंट को ध्यान में रख यह लेटर लिखा है। पीडीबी ने अभी 17 करोड़ डॉलर का बांग्लादेश कृषि बैंक का लेटर ऑफ क्रेडिट (LC) जारी नहीं किया है। उसने बकाया पैसे का पेमेंट भी नहीं किया है।
डॉलर की कमी पेमेंट में बन रही बाधा
पीडीबी करीब 1.8 करोड़ डॉलर का हर हफ्ते पेमेंट करता आ रहा है, जबकि चार्जेज बढ़कर 2.2 करोड़ डॉलर हो चुके हैं। इस वजह से बोर्ड पर बकाया काफी बढ़ गया है। हाल में पीडीपी ने कृषि बैंक को पेमेंट किया था, लेकिन डॉलर की कमी से बैंक लेटर ऑफ क्रेडिट जारी नहीं कर सका। अदाणी पावर ने कहा है कि सप्लाई बंद कर देने के बाद कंपनी के पास कैपेसिटी पेमेंट हासिल करने का अधिकार है। पर्चेज एग्रीमेंट में यह शर्त शामिल है।
यह भी पढ़ें: Pakistan: लाहौर का वायु प्रदूषण WHO की लिमिट से भी 80 गुना ज्यादा बढ़ा, अधिकारियों ने इमरजेंसी बैन लगाया
गौतम अदाणी अंतरिम सरकार के मुखिया से कर चुके हैं बात
बांग्लादेश में कुछ महीने पहले अंतरिम सरकार बनी है। आंदोलनकारियों ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को कुर्सी छोड़ने को मजबूर कर दिया था। इसके बाद अदाणी पावर ने बकाया पैसे के पेमेंट के लिए बांग्लादेश पर दबाव बढ़ा दिया। अंतरिम सरकार मुहम्मद युनूस की अगुवाई में 8 अगस्त को बनी थी। उसके बाद अदाणी समूह के प्रमुख गौतम अदाणी ने बकाया पेमेंट के बारे में सीधे युनूस से बातचीत की थी।