Aditya Birla Capital Q1 Result : फाइनेंशियल सर्विसेज फर्म आदित्य बिड़ला कैपिटल ने वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही के नतीजों का ऐलान किया है। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 51 फीसदी बढ़ा है और यह 649 करोड़ रुपये हो गया है। आदित्य बिड़ला ग्रुप की कंपनी ने एक साल पहले की समान अवधि में 429 करोड़ रुपये मुनाफा कमाया था। कंपनी ने आज बुधवार को यह जानकारी दी।
आदित्य बिरला कैपिटल ने शेयर बाजार को बताया कि जून तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 7,052 करोड़ रुपये हो गई, जो बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में 5,599 करोड़ रुपये रही थी। कंपनी की इंटरेस्ट इनकम भी जून तिमाही में बढ़कर 3,236 करोड़ रुपये हो गई, जो बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,935 करोड़ रुपये रही थी। कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 6204 करोड़ रुपये हो गया, जो जून 2022 तिमाही में 5037 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने जुटाए 3000 करोड़ रुपये
तिमाही के दौरान कंपनी ने बिजनेस ग्रोथ के लिए क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) से 3000 करोड़ रुपये जुटाए। आज 2 अगस्त को कंपनी के शेयरों में 3.26 फीसदी की गिरावट रही और यह स्टॉक 189.75 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।