Aurobindo Pharma Q1 Result : फार्मास्युटिकल सेक्टर की दिग्गज कंपनी अरबिंदो फार्मा ने FY24 की पहली तिमाही के नतीजों की घोषणा कर दी है। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 22.5 फीसदी घटकर 540.40 करोड़ रुपये हो गया है। फार्मा कंपनी ने एक साल पहले की समान अवधि में 697.60 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था। कंपनी ने कहा कि ऑपरेशन से राजस्व 6,850.50 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 6,236 करोड़ रुपये से 10 फीसदी अधिक है।
Aurobindo Pharma के राजस्व में अमेरिका और यूरोप के फॉर्मूलेशन और एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रीडिएंट्स (एपीआई) सेगमेंट में डबल डिजिट ग्रोथ के चलते उछाल आया है। इसके बावजूद, कंपनी का नेट प्रॉफिट CNBC-TV18 के 697.6 करोड़ रुपये के अनुमान से कमजोर रहा। वहीं, कंपनी का राजस्व 6,692 करोड़ रुपये के अनुमान को पार करने में कामयाब रहा। इसके अलावा, तिमाही के दौरान कंपनी के ऑपरेशनल परफॉर्मेंस में भी सुधार हुआ क्योंकि बेस क्वार्टर में EBITDA 936.5 करोड़ रुपये से करीब 23 फीसदी बढ़कर 1151.4 करोड़ रुपये हो गया।
अप्रैल-जून में EBITDA मार्जिन या ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन भी बढ़कर 16.8 फीसदी हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 15 फीसदी था। CNBC-TV18 द्वारा ब्रोकरेज के एक सर्वे में तिमाही के लिए अरबिंदो फार्मा के लिए EBITDA मार्जिन 15.6 प्रतिशत आंका गया था। इस बीच, रिसर्च एंड डेवलपमेंट (आरएंडडी) खर्च 387.6 करोड़ रुपये या कुल राजस्व का 5.7 फीसदी रहा। R&D खर्च पिछली तिमाही में देखे गए 6.3 फीसदी से कम है।
अमेरिकी फॉर्मूलेशन सेगमेंट में ग्रोथ
जून तिमाही के दौरान 15 प्रोडक्ट्स के लॉन्च के कारण अमेरिकी फॉर्मूलेशन सेगमेंट में 11.2 फीसदी की वृद्धि हुई, जिसमें पांच इंजेक्टेबल्स भी शामिल थे और कंसोलिडेटेड रेवेन्यू में इसका हिस्सा 48.2 प्रतिशत रहा। दवा कंपनी ने पिछली तिमाही के दौरान अमेरिकी फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशनल के साथ एक इंजेक्टेबल प्रोडक्ट सहित 12 ANDA (एब्रिविटेड न्यू ड्रग एप्लीकेशन ) भी दायर किए हैं। इसी तिमाही के दौरान अरबिंदो फार्मा को 19 ANDA के लिए अंतिम मंजूरी भी मिली।
यूरोपीय फॉर्मूलेशन से राजस्व में सालाना 18.6 फीसदी की वृद्धि हुई और यह टोटल मिक्स का 26.8 फीसदी हो गया। दूसरी ओर ग्रोथ मार्केट्स, जो रेवेन्यू मिक्स का 7.1 फीसदी था, सालाना 12.9 फीसदी बढ़ा। अंत में, एपीआई सेगमेंट में सालाना 14 फीसदी की वृद्धि हुई और Q1 में कुल राजस्व का 15 फीसदी हिस्सा रहा।