Cochin Shipyard Q1 results: कोचीन शिपयार्ड ने आज 8 अगस्त को FY25 की पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 77 फीसदी बढ़ गया है। कंपनी ने इस अवधि में 174.2 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 98.6 करोड़ रुपये था। हालांकि, स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा गया है कि पीएसयू फर्म का नेट प्रॉफिट मार्च तिमाही के 258.8 करोड़ रुपये से 33 फीसदी घट गया है। कंपनी के शेयरों में आज 1.59 फीसदी की गिरावट आई है और यह स्टॉक BSE पर 2311.80 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। कंपनी ने बाजार बंद होने के बाद नतीजे जारी किए हैं।
कैसे रहे Cochin Shipyard के तिमाही नतीजे
सरकारी कंपनी कोचीन शिपयार्ड का रेवेन्यू जून तिमाही में 62.1 फीसदी बढ़कर 771.47 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले इसी तिमाही में यह 475.86 करोड़ रुपये था। लेकिन, पिछली तिमाही के 1,286 करोड़ रुपये के रेवेन्यू के मुकाबले इसमें गिरावट आई है।
जून तिमाही में कंज्यूम किए गए मटेरियल की लागत एक साल पहले इसी अवधि के 166.4 करोड़ रुपये से लगभग दोगुनी होकर 316.6 करोड़ रुपये हो गई। मार्च तिमाही में यह 626.5 करोड़ रुपये थी।
अमेरिका में संभावित मंदी की चिंताओं के चलते ग्लोबल मार्केट में बिकवाली के बीच 5 अगस्त को कंपनी के शेयर में भारी गिरावट दर्ज की गई थी। शेयर 5 फीसदी के लोअर सर्किट में बंद हो गए थे, जबकि BSE PSU और CPSE इंडेक्स 4 फीसदी तक गिर गए।
एक साल में Cochin Shipyard ने दिया 595% का तगड़ा रिटर्न
पिछले एक महीने में कोचीन शिपयार्ड के शेयरों में करीब 18 फीसदी की गिरावट आई है। हालांकि, पिछले 6 महीने में स्टॉक ने 153 फीसदी का तगड़ा रिटर्न दिया है। इस साल अब तक कंपनी के शेयर 239 फीसदी भाग चुके हैं। वहीं, पिछले एक साल में इसके निवेशकों को 595 फीसदी का बंपर मुनाफा हुआ है।