Crompton Greaves Q1 Results: क्रॉम्पटन ग्रीव्स कंज्यूमर इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड ने मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 9 फीसदी घटकर 115 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 125.95 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। कंपनी ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा कि ऑपरेशन से कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवन्यू 1,876.85 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले की तिमाही में 1,862.94 करोड़ रुपये से 0.7 फीसदी अधिक है।
तिमाही के दौरान EBIDTA 15.5 फीसदी की गिरावट के साथ 185.9 करोड़ रुपये रहा। EBIDTA मार्जिन सालाना 9.9 फीसदी रहा, जबकि एक साल पहले की अवधि में यह 11.8 फीसदी था। कंपनी ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा कि ऑपरेशन से कुल स्टैंडअलोन राजस्व 1,657 करोड़ रुपये है, जो एक साल पहले की तिमाही में 1608 करोड़ रुपये से 3 फीसदी अधिक है।
जून तिमाही में कंपनी की कुल आय 3.5 फीसदी बढ़कर 1,676.75 करोड़ रुपये रही, जो जून 2022 में 1618.59 करोड़ रुपये थी। कंपनी ने कहा कि कुल खर्च 1,524.95 करोड़ रुपये से अधिक है, जो एक साल पहले की अवधि में 1,447.33 करोड़ रुपये था।
इलेक्ट्रिक कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेगमेंट का प्रदर्शन
कंपनी ने कहा कि इलेक्ट्रिक कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेगमेंट का राजस्व 6 फीसदी बढ़कर 1,428.98 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले की अवधि में 1,347.18 करोड़ रुपये था। लाइटिंग प्रोडक्ट्स से राजस्व 12 फीसदी घटकर 228.48 करोड़ रुपये रह गया, जो एक साल पहले की अवधि में 260.87 करोड़ रुपये था। कंपनी ने कहा कि बटरफ्लाई प्रोडक्ट्स की बिक्री से राजस्व 13 फीसदी घटकर 218.89 करोड़ रुपये रह गया, जो एक साल पहले की अवधि में 253.50 करोड़ रुपये था।