Hero MotoCorp Q1 Result : जून तिमाही में 32% बढ़ा मुनाफा, रेवेन्यू में 4.5% का उछाल

Hero MotoCorp Q1 Result : अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का मुनाफा 32 फीसदी बढ़कर 825 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 625 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। Q1FY24 में कंपनी का राजस्व 4.5 फीसदी बढ़कर 8,767 करोड़ रुपये हो गया

अपडेटेड Aug 10, 2023 पर 7:35 PM
हीरो मोटोकॉर्प (Hero MotoCorp) ने FY24 की पहली तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है।

Hero MotoCorp Q1 Result : टू-व्हीलर कंपनी हीरो मोटोकॉर्प (Hero MotoCorp) ने FY24 की पहली तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का मुनाफा 32 फीसदी बढ़कर 825 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 625 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। Q1FY24 में कंपनी का राजस्व 4.5 फीसदी बढ़कर 8,767 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले की अवधि में 8,393 करोड़ रुपये था। कमोडिटी लागत में कमी, कीमतों में बढ़ोतरी, पॉजिटिव ऑपरेटिंग लीवरेज और रिचर प्रोडक्ट मिक्स ने भी कंपनी को अपना मुनाफा बढ़ाने में मदद की है। हीरो मोटोकॉर्प के शेयर आज 10 अगस्त को 0.81 फीसदी की मामूली गिरावट के साथ 3,034.90 रुपये के भाव पर बंद हुए हैं।

एनालिस्ट्स का क्या था अनुमान?

कंपनी के तिमाही नतीजे एनालिस्ट्स की उम्मीदों से बेहतर रहे हैं। पांच ब्रोकरेज के सर्वे के अनुसार इस वित्त वर्ष की पहली तिमाही के दौरान हीरो मोटोकॉर्प का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 26 फीसदी बढ़कर 786 करोड़ रुपये होने की उम्मीद थी। अनुमान के मुताबिक ऑपरेशन से कंपनी का राजस्व 4.5 फीसदी बढ़कर 8,754 करोड़ रुपये होने का अनुमान लगाया गया था।


एनालिस्ट्स ने दावा किया था कि जहां कुल वाहन बिक्री में सालाना आधार पर 3 फीसदी की गिरावट होने की संभावना है, वहीं पिछली तिमाही में बिक्री में 7 फीसदी की वृद्धि होगी। दूसरी ओर, निर्यात में पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही की तुलना में 43 फीसदी की गिरावट आने की संभावना है।

बिक्री में गिरावट के बावजूद मजबूत रहे नतीजे

देश की सबसे बड़ी दोपहिया कंपनी ने बिक्री में गिरावट के बावजूद मजबूत वित्तीय स्थिति दर्ज की है। अप्रैल से जून की अवधि के दौरान निर्यात सहित कंपनी की कुल बिक्री 3 फीसदी घटकर 13,52,574 यूनिट रह गई। सालाना आधार पर घरेलू बिक्री में 0.8 फीसदी की मामूली गिरावट आई, जबकि निर्यात में 43 प्रतिशत की गिरावट आई। कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज के विश्लेषकों ने एंट्री-लेवल मोटरसाइकिल सेगमेंट की मांग में लगातार कमजोरी के कारण बिक्री मात्रा में गिरावट को जिम्मेदार ठहराया।

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।