Hero MotoCorp Q4 results : हीरो मोटोकॉर्प ने 13 मई को वित्तीय वर्ष 2025 की चौथी तिमाही के लिए नेट प्रॉफिट में 6 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 1,081 करोड़ रुपये की बढ़त हासिल की है। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी को 1,016 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। मोटरबाइक बनाने वाली इस कंपनी का चौथी तिमाही का मुनाफा मनीकंट्रोल के 1,095 करोड़ रुपये के अनुमान के मुकाबले थोड़ा कम रहा है।
31 मार्च 2025 को खत्म हुए चौथी तिमाही में कंपनी की कामकाजी आय सालाना आधार पर 4.4 फीसदी बढ़कर 9,938.65 करोड़ रुपये रही। यह मनीकंट्रोल पोल के अनुमान 9,715 करोड़ रुपये से ज्यादा है। चौथी तिमाही के नतीजों के साथ ही कंपनी ने वित्तीय वर्ष 2025 के लिए 65 रुपये प्रति इक्विटी शेयर का अंतिम डिविडेंड भी देने का ऐलान किया है। इस डिविडेंड के भुगतान के लिए शेयरधारकों की पात्रता तय करने के लिए 24 जुलाई रिकॉर्ड तिथि निर्धारित की गई है।
चौथी तिमाही में कंपनी की रियलाइजेशन ग्रोथ 5 फीसदी (3 फीसदी बढ़ने का अनुमान था) रही थी। कंपनी ने कहा है कि कंपनी के मिड टर्म आउटलुक पर पॉजिटिव नजरिया बरकरार है।
चौथी तिमाही में कंपनी का EBITDA मार्जिन सालाना आधार पर 14.3 फीसदी से घटकर 14.26 फीसदी पर रहा है। जबकि EBITDA सालाना आधार पर 1359 करोड़ रुपए से बढ़कर 1418 करोड़ रुपए पर रहा है।
आज तिमाही नतीजे जारी होने के बाद कंपनी के शेयर करीब 2.5 फीसदी बढ़कर 4,089 रुपये प्रति शेयर पर पहुंच गए। फिलहाल ये शेयर 77.50 रुपए यानी 1.94 फीसदी की बढ़त के साथ 4063.40 रुपए के आसपास कारोबार कर रहा है। आज का इसका दिन का हाई 4,098.40 रुपए और दिन का लो 3,957.50 रुपए है। यह स्टॉक 1 हफ्ते में 4.80 फीसदी और 1 महीने में 10.75 फीसदी भागा है। तीन महीने में ये शेयर 2.61 फीसदी भागा है। जनवरी से अब तक इस शेयर में 2.5 फीसदी की कमजोरी आई है। वहीं, ये स्टॉक 1 साल में 17 फीसदी टूटा है। वहीं, 3 साल में इसमें 65 फीसदी ज्यादा की तेजी आई है।