Qualcomm Layoffs India 2026: 1000 एंप्लॉयीज की छंटनी शुरू, बेंगलुरु-हैदराबाद के बाद दिल्ली एनसीआर का नंबर

Qualcomm Layoffs: चिप बनाने वाली अमेरिकी कंपनी क्वॉलकॉम ने भारत में 1,000 से अधिक एंप्लॉयीज की छंटनी शुरू कर दी है। बेंगलुरु और हैदराबाद से शुरू हुई छंटनी की आंच दिल्ली-NCR और चेन्नई तक पहुंच सकती है। इसकी तलवार सीनियर एंप्लॉयीज पर भी चल रही है। जानिए जिन एंप्लॉयीज की छुट्टी हो रही है, उन्हें किस आधार पर चुना गया है और कंपनी की तरफ से उन्हें क्या मिल रहा है

अपडेटेड Nov 11, 2026 पर 2:22 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Qualcomm Layoffs India 2026: एपल (Apple) को मॉडेम सप्लाई करने वाली क्वॉलकॉम भारत में करीब 1 हजार एंप्लॉयीज की छंटनी कर रही है। (File Photo- Pexels)

Qualcomm Layoffs India 2026: अमेरिकी सेमीकंडक्टर कंपनी क्वॉलकॉम ने भारत में बड़े पैमाने पर एंप्लॉयीज की छंटनी शुरू कर दी है। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक इसकी आंच देश में इसके 1,000 से अधिक एंप्लॉयीज पर पड़ सकती है। अभी छंटनी की शुरुआत बेंगलुरु और हैदराबाद में इसके ऑफिस में हुई है। आने वाले दिनों में दिल्ली-NCR और चेन्नई के इंजीनियरिंग एवं रिसर्च सेंटरों में भी इसका असर देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक छंटनी की प्रक्रिया दो से तीन हफ्ते से चल रही है और 9 नवंबर से इसमें तेजी आई है।

अभी क्वॉलकॉम के भारत में करीब 20,000 एंप्लॉयीज हैं यानी कि रीस्ट्रक्चरिंग के तहत हो रही छंटनी के दायरे में करीब 5-6% तक एंप्लॉयीज आ सकते हैं। हालांकि कंपनी ने आधिकारिक तौर पर इसके बारे में नहीं बताया है कि कितने एंप्लॉयीज की छुट्टी की जा रही है। यह 20 अक्टूबर को क्वालकॉम के सीईओ क्रिस्टियानो अमोन के दुनिया भर में एंप्लॉयीज की संख्या कम करने की योजना के ऐलान का हिस्सा है।

क्या मिल रहा सेवरेंस पैकेज में


मनीकंट्रोल को जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक जिन एंप्लॉयीज की छुट्टी हो रही है, उन्हें तीन से पांच महीने की सैलरी के बराबर सेवरेंस पैकेज देने की पेशकश की गई है। इसके अलावा कंपनी में कितने साल काम किया, इसके आधार पर अतिरिक्त पेमेंट भी मिल सकता है। साथ ही जो एंप्लॉयीज तीन दिनों के भीतर एग्जिट डॉक्यूमेंट्स पर साइन करते हैं, उन्हें एक महीने की अतिरिक्त सैलरी भी मिलेगी। हालांकि क्वॉलकॉम की तरफ से इन शर्तों को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

सीनियर इंजीनियर भी छंटनी की चपेट में

छंटनी के पहले दौर में कई अनुभवी इंजीनियर्स और सीनियर एंप्लॉयीज पर गाज गिरी है। मनीकंट्रोल से बात करते हुए कुछ एंप्लॉयीज ने कहा कि अच्छे परफॉरमेंस और लगातार बेहतर रेटिंग के बावजूद उन्हें नौकरी से हटाया गया है। उनका आरोप है कि परफॉरमेंस के आधार पर छंटनी का फैसला नहीं किया जा रहा है। सेवरेंस पैकेज और बोनस भुगतान से कुछ आर्थिक सहारा तो मिला, लेकिन एंप्लॉयीज ने जिस तरह से छंटनी की गई, उसे लेकर निराशा जताई।

मनीकंट्रोल के मुताबिक सूत्रों का कहना है कि यह इंडिविजुअल परफॉरमेंस रेटिंग, टीम-लेवल एसेसमेंट्स और अमेरिका तक के सीनियर मैनेजमेंट के फैसलों को मिलाकर तय किया गया होगा। कुछ एंप्लॉयीज ने यह भी संकेत दिया है कि रेडियो फ्रीक्वेंसी, ब्लूटूथ, वाई-फाई और GNSS (ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम) इंजीनियरिंग टीमों में एंप्लॉयीज की छंटनी की जा सकती है।

स्मार्टफोन मार्केट में सुस्ती से बढ़ी चुनौती

क्वॉलकॉम की यह छंटनी ऐसे समय हुई है, जब दुनिया भर के स्मार्टफोन मार्केट में चुनौतियां बढ़ रही हैं। कंपनी के रेवेन्यू में स्मार्टफोन बिजनेस की हिस्सेदारी करीब 51% है। इसके अलावा मीडियाटेक (MediaTek) से तगड़े कॉम्पटीशन और एपल (Apple) की अपनी मॉडेम तकनीक डेवलप करने से भी इसके ट्रेडिशनल बिजनेस पर दबाव है। कंपनी फिलहाल AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी, कनेक्टेड डिवाइस और डेटा-सेंटर सेमीकंडक्टर जैसे सेक्टर्स में अपने कारोबार बढ़ाने की कोशिश कर रही है।

टेकआर्क के फाउंडर फैजल कवूसा (Faisal Kawoosa) के मुताबिक देश में साल 2026 के दौरान स्मार्टफोन मार्केट के सेल्स वॉल्यूम में 26-28% और वैल्यू में 7-8% की गिरावट आ सकती है। फैजल के मुताबिक क्वॉलकॉम को ऑटोमोटिव सेक्टर में कुछ सफलता मिली है, लेकिन इस कारोबार को बड़े लेवल तक पहुंचने में समय लगेगा और अगले तीन से पांच वर्षों में यह कंपनी के कुल रेवेन्यू का 25-30% हिस्सा बन सकता है।

Boeing Layoffs: एयरक्राफ्ट बनाने वाली कंपनी में फिर छंटनी, इस बार 5% कर्मचारियों की जा सकती है नौकरी

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।