हवाईजहाज, मिलिट्री सिस्टम्स बनाने वाली कंपनी बोइंग में एक बार फिर छंटनी होने जा रही है। इस बार कंपनी अपने कमर्शियल एयरप्लेन वर्कफोर्स से 5 प्रतिशत कर्मचारी कम करने की तैयारी में है। इसकी वजह है कि प्रोडक्ट बढ़ने की गति कंपनी की उम्मीद से धीमी है। सीएनबीसी की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि कमर्शियल एयरक्राफ्ट यूनिट की प्रमुख स्टेफनी पोप ने कर्मचारियों को भेजे एक मेमो में बताया कि यह कटौती कर्मचारियों के एट्रीशन (अपनी मर्जी से नौकरी बदलने) और छंटनी दोनों के जरिए की जाएगी।
सोमवार को अपने नोट में पोप ने कहा, "उत्पादन शेड्यूल में बदलाव और विमानों के उत्पादन में कमी के कारण हमारे पास जरूरत से ज्यादा कर्मचारी हो गए हैं। दुर्भाग्य से, इसका मतलब यह है कि हमें अपने कर्मचारियों की संख्या को अपने रिवाइज्ड बिजनेस प्लान के हिसाब से एडजस्ट करना होगा। लिहाजा कर्मचारियों के एट्रीशन और छंटनी के जरिए लगभग 5 प्रतिशत कर्मचारियों को कम किया जाएगा। इसकी सूचना दिसंबर से दी जानी शुरू हो जाएगी।"
कई राज्यों में बोइंग को कर्मचारियों को निकालने से पहले उन्हें 60 दिन का नोटिस देना होता है। कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, कमर्शियल एयरप्लेन डिवीजन में दिसंबर 2025 तक 50494 कर्मचारी थे। पोप ने दोहराया कि कंपनी अभी भी अपने सबसे ज्यादा बिकने वाले '737 मैक्स' विमानों की उत्पादन दर को स्थिर करने पर काम कर रही है। इन विमानों का निर्माण अमेरिका के सिएटल के बाहर किया जाता है।
हर महीने कितने एयरक्राफ्ट बनाना चाहती है Boeing
बोइंग की चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) केली ओर्टबर्ग ने पिछले महीने निवेशकों को बताया था कि कंपनी अगले साल की दूसरी छमाही तक 'मैक्स' विमानों के उत्पादन में कोई बड़ी बढ़ोतरी नहीं करेगी। कंपनी में विंग (पंखों) का उत्पादन उम्मीद से धीमा रहा है। बोइंग का लक्ष्य 2027 की दूसरी छमाही में हर महीने 52 विमानों के उत्पादन पर पहुंचने का है। कंपनी अभी अपने '737 मैक्स' विमानों के उत्पादन को हर महीने लगभग 47 विमानों के स्तर पर स्थिर करने की कोशिश कर रही है।
रॉयटर्स के मुताबिक, बोइंग का लोकप्रिय 737 नैरोबॉडी जेट कंपनी के लिए सबसे ज्यादा कमाई करने वाला विमान है। इसलिए कंपनी की रिकवरी के लिए इसका उत्पादन बढ़ना बहुत जरूरी है। बोइंग को अपने 787 वाइडबॉडी जेट का उत्पादन बढ़ाने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। कंपनी इसे हर महीने 8 विमानों से बढ़ाकर 10 विमानों तक ले जाने की कोशिश कर रही है। कंपनी के 767 और 777 प्रोग्राम भी प्रभावित हुए हैं।