JSW Steel Share Price: जेएसडब्ल्यू स्टील (JSW Steel) ने वित्त वर्ष 2023-24 की दूसरी तिमाही में 2,773 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया। बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर सरकारी खर्च में बढ़ोतरी के साथ-साथ लागत कम होने से इसके मार्जिन में बढ़ोतरी हुई। जबकि एक साल पहले यानी कि वित्त वर्ष 2022-23 की समान तिमाही में कंपनी को 925 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था। कोकिंग कोयले की कम लागत और हायर सेल्स वॉल्यूम ने मुनाफा बढ़ाने में योगदान दिया। हालांकि इस दौरान यानी कि दूसरी तिमाही में विदेशी कारोबार से ऑपरेटिंग मुनाफे का योगदान कम देखने को मिला।
सज्जन जिंदल (Sajjan Jindal) की अगुवाई वाली स्टील सेक्टर की दिग्गज कंपनी ने सितंबर तिमाही में कंसोलिडेटेड कुल आय 44,821 करोड़ रुपये दर्ज की। जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी की कंसोलिडेटेड आय 41,966 करोड़ रुपये रही थी।
JSW Steel ने एक बयान में कहा “स्टील उत्पादन और खपत मजबूत बनी हुई है। सरकारी कैपेक्स के साथ-साथ समग्र अच्छी अर्थव्यवस्था से इसको सपोर्ट मिला है। वित्त वर्ष 2024 की दूसरी तिमाही के दौरान भारत में तैयार किये गये स्टील की खपत 3.28 करोड़ टन रही। इसमें सालाना आधार पर 16.1 प्रतिशत की वृद्धि देखने को मिली। जबकि कच्चे स्टील का उत्पादन सालाना आधार पर 15.9 प्रतिशत बढ़कर 3.481 करोड़ टन हो गया।
मनीकंट्रोल (Moneycontrol) द्वारा एकत्र किए गए 10 ब्रोकरेज फर्मों के अनुमान के अनुसार कंपनी को पिछली तिमाही से शुद्ध मुनाफे में 7 प्रतिशत की गिरावट के साथ इसका मुनाफा 2,177.70 करोड़ रुपये रहने का अनुमान लगाया गया था। जबकि आय तिमाही और सालाना आधार पर 1 प्रतिशत बढ़कर 42,428 करोड़ रुपये रहने की उम्मीद लगाई गई थी।
दूसरी तिमाही के लिए कच्चे स्टील का कंसोलिडेटेड उत्पादन 63.4 लाख टन रहा। इसमें तिमाही-दर-तिमाही 1 प्रतिशत की गिरावट और सालाना आधार पर 12 प्रतिशत की वृद्धि देखने को मिली। कंपनी ने तिमाही के दौरान भारतीय यूनिट में कुछ रखरखाव के काम के लिए शटडाउन किया था। इसकी वजह से कंपनी की कैपासिटी का 89 प्रतिशत युटिलाइजेशन हुआ। बाजार की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण Ohio, USA ऑपरेशन में क्षमता का उपयोग कम देखने को मिला।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)