जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड (Jubilant Foodworks) ने 25 अक्टूबर को वित्त वर्ष 2024 की सितंबर तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस अवधि में कंपनी को 97.20 करोड़ रुपये का कंसोलीडेटेड मुनाफा हुआ है। ये मुनाफा पिछले साल की समान तिमाही के 131.52 करोड़ रुपये के मुनाफे से 26 फीसदी कम है। 30 सितंबर 2023 को खत्म हुई दूसरी तिमाही में कंपनी की कुल रेवेन्यू सालाना आधार पर 5.15 फीसदी बढ़कर 1368.63 करोड़ रुपए रही है। जबकि पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी की कुल रेवेन्यू 1301.48 करोड़ रुपए रही थी।
जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड के सीईओ और एमडी श्री समीर खेत्रपाल ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि कंपनी के साथ जुड़ने वाले ग्राहकों की संख्या में बढ़त के चलते कंपनी को मिलने वाले ऑर्डर बढ़े हैं। टिकट में साइज में गिरावट पर भी लगाम लगी है। कंपनी के मैच्योर हो चुके स्टोर्स के ADS और ग्रॉस मार्जिन में भी लगातार दूसरी तिमाही में सुधार देखने को मिला है। ये जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड के कारोबार में आ रही मजबूती का संकेत है।
दूसरी तिमाही में जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड का EBITDA 280.7 करोड़ रुपए और EBITDA मार्जिन 20.9 फीसदी पर रहा है। वहीं, इस अवधि में सेम स्टोर सेल्स ग्रोथ (SSSG) में 1.3 फीसदी की गिरावट रही है और ये 8.4 फीसदी पर रहा है। जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड ने हाल ही में अपने स्टोर नेटवर्क का विस्तार किया है। जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड ने अपने अलग-अलग ब्रांडों में 60 नए आउटलेट का उद्घाटन किया, जिससे इसके कुल स्टोरों की संख्या 1949 हो गई है। विशेष रूप से, डोमिनोज़ इंडिया ने दूसरी तिमाही में 50 स्टोर जोड़े हैं। इसने तीन और शहरों में अपनी शुरुआत की है। जिसके चलते 397 शहरों में इसके कुल 1888 स्टोर हो गए हैं।
जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड भारत की सबसे बड़ी फूड सर्विस कंपनी है। यह जुबिलेंट भरतिया ग्रुप (Jubilant Bhartia Group)का हिस्सा है। कंपनी का गठन 1995 में किया गया था। कंपनी भारत, श्रीलंका, बांग्लादेश और नेपाल में डोमिनोज़ पिज्जा ब्रांड की बिक्री करती है। 25 अक्टूबर को एनएसई पर जुबिलेंट के शेयर 0.47 फीसदी बढ़कर 527.30 रुपये पर बंद हुए हैं।