Kotak Mah Bank Q3 : देश के दिग्गज प्राइवेट बैंक कोटक महिंद्रा बैंक ने आज 20 जनवरी को वित्त वर्ष 2023-24 के तीसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। 31 दिसंबर 2023 को खत्म हुई इस तिमाही में बैंक का मुनाफा सालाना आधार पर 7.6 फीसदी की बढ़त के साथ 3,005 करोड़ रुपए पर रहा है। वहीं, वित्त वर्ष 2022-23 की तीसरी तिमाही में बैंक का मुनाफा 2,791.9 करोड़ रुपए रहा था। बैंक के मुनाफे के आंकड़े अनुमान से कमजोर रहे हैं। CNBC-TV18 के पोल में बैंक के मुनाफे के 3,161.8 करोड़ रुपए पर रहने का अनुमान किया गया था।
ब्याज से होने वाली कमाई बढ़ी
31 दिसंबर 2023 को खत्म हुई तिमाही में कोटक महिंद्रा बैंक की ब्याज से होने वाली कमाई 15.9 फीसदी की बढ़त के साथ 6,554 करोड़ रुपए पर रही है। वहीं, पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में बैंक की ब्याज आय 5,652.9 करोड़ रुपए रही था। CNBC-TV18 के पोल में बैंक की ब्याज से होने वाली कमाई के 6,430.1 करोड़ रुपए पर रहने का अनुमान किया गया था।
तीसरी तिमाही में बैंक की एसेट क्वालिटी स्थिर रही है। रुपए में देखें तो तिमाही दर तिमाही आधार पर तीसरी तमाही में कोटक बैंक का ग्रॉस एनपीए 6,087.2 करोड़ रुपए से बढ़कर 6,301.7 करोड़ रुपए पर रहा है। वहीं, नेट एनपीए तिमाही आधार पर 1,274.8 करोड़ से घटकर 1,225.3 करोड़ रुपए पर रहा है।
तिमाही आधार पर तीसरी तिमाही में कोटक बैंक का ग्रॉस एनपीए 1.72 फीसदी से बढ़कर 1.73 फीसदी रहा है। वहीं, नेट एनपीए 0.37 फीसदी से घटकर 0.34 फीसदी पर रहा है। तीसरी तिमाही में कोटक बैंक की प्रॉविजिनिंग पिछले साल की समान अवधि के 149 करोड़ रुपए से बढ़कर 579 करोड़ रुपए पर रही है। वहीं, पिछली तिमाही में बैंक ने 366.6 करोड़ रुपए की प्रॉविजनिंग की थी।
नेट इंटरेस्ट मार्जिन बिना बदलाव के 5.22 फीसदी पर रहा
तीसरी तिमाही में कोटक बैंक का NIMs(नेट इंटरेस्ट मार्जिन) बिना बदलाव के 5.22 फीसदी पर रहा है। वहीं, इस अवधि में बैंक के डिपॉजिट्स में सालाना आधार पर 18.6 फीसदी की बढ़त हुई है। जबकि स्लिपेज (नए एनपीए) तिमाही आधार पर 1,314 करोड़ रुपए से घटकर 1,177 करोड़ रुपए पर रहे हैं।