NDTV Q2 Result : अदाणी ग्रुप की कंपनी न्यू डेल्ही टेलीविजन लिमिटेड (NDTV) ने मौजूदा वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी के कंसोलिडेटेड प्रॉफिट ऑफ्टर टैक्स में करीब 57.4 फीसदी की गिरावट आई और यह 5.55 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी का मुनाफा राजस्व घटने और खर्च बढ़ने के चलते गिरा है। NDTV ने आज सोमवार को शेयर बाजारों को यह जानकारी दी। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 13.03 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमाया था।
तिमाही के दौरान कंपनी का ऑपरेशन से होने वाला राजस्व घटकर 95.55 करोड़ रुपये पर आ गया जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह 105.8 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2023-24 की दूसरी तिमाही में एनडीटीवी का कुल खर्च मामूली रूप से बढ़कर 93.48 करोड़ रुपये हो गया। यह साल भर पहले 91.93 करोड़ रुपये था।
तिमाही नतीजों के बीच NDTV के शेयरों में आज 23 अक्टूबर को 3.67 फीसदी की गिरावट आई है। यह स्टॉक 201 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।
कंपनी ने कहा कि दूसरी तिमाही में नरम आर्थिक माहौल के बावजूद विज्ञापन खर्च में हल्की तेजी देखी गई। बीती तिमाही में एनडीटीवी ने दो नए रीजनल चैनल भी शुरू किए हैं। इनमें एक चैनल मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के लिए है जबकि दूसरा चैनल राजस्थान की खबरें प्रसारित करता है। एनडीटीवी ने कहा, "विस्तार एवं ग्रोथ पर फोकस रहने के बीच कंपनी को निकट भविष्य में कुछ और रीजनल चैनल शुरू करने की उम्मीद है।"