जून तिमाही में सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड (OIL) के स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट में सालाना आधार पर 4 पर्सेंट की बढ़ोतरी हुई। क्रू़ड ऑयल की कीमतों में गिरावट से कंपनी की परफॉर्मेंस में हल्का सुधार देखने को मिला। संबंधित अवधि में कंपनी का नेट प्रॉफिट 1,613.4 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की इसी अवधि में यह 1,555.5 करोड़ रुपये था।
पिछली तिमाही के मुकाबले जून तिमाही में कंपनी के प्रॉफिट में 8 पर्सेंट की गिरावट हुई। मार्च 23 तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 1,788 करोड़ रुपये था। संबंधित अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 22 पर्सेंट की गिरावट के साथ 4,645 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 5,964 करोड़ था।
जून तिमाही में ऑयल इंडिया का EBITDA 2663 करोड़ रुपये रहा। संबंधित अवधि में क्रू़ड ऑयल सेगमेंट से कंपनी का रेवेन्यू सालाना 29 पर्सेंट की गिरावट के साथ 3,365 करोड़ रुपये रहा।
हाल ही में वित्त मंत्रालय (Finance Ministry) ने ऑयल इंडिया लिमिटेड (Oil India Limited) को महारत्न (Maharatna) की कैटेगरी में अपग्रेड करने का फैसला किया है। सरकार के इस फैसले के साथ ही अब देश में कुल 13 महारत्न कंपनियां हो गई हैं।
इस कदम से ऑयल इंडिया के बोर्ड को वित्तीय फैसले करने की अधिक शक्तियां मिलेंगी। डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक एंटरप्राइजेज ने ट्विटर पर लिखा, 'वित्त मंत्री ने ऑयल इंडिया लिमिटेड को महारत्न सीपीएसई का दर्जा देने को मंजूरी दी है। ऑयल इंडिया, सीपीएसई में 13वीं महारत्न कंपनी होगी।'