ONGC Q1 results: भारत सरकार के स्वामित्व वाली कंपनी ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉरपोरेशन लिमिटेड (ONGC) का कंसॉलिडेटेड शुद्ध मुनाफा मौजूदा वित्त वर्ष की जून तिमाही में 102 फीसदी बढ़ा है। कंपनी ने शुक्रवार 11 अगस्त को जून तिमाही के नतीजे जारी करते हुए ये जानकारी दी। ONGC ने बताया कि उसका शुद्ध मुनाफा जून तिमाही में 17,383 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 8,581 करोड़ रुपये था। हालांकि कंपनी के स्टैंडअलोन प्रॉफिट 34 फीसदी गिरकर 10,015 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 15,206 करोड़ रुपये था।
कंपनी के रेवेन्यू में भी जून तिमाही में गिरावट दर्ज की गई। ONGC ने बताया कि जून तिमाही में उसका रेवेन्यू सालाना आधार पर करीब 10 फीसदी घटकर 1.63 लाख करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 1.82 लाख करोड़ रहा था।
कंपनी का क्रूड ऑयल का उत्पादन जून तिमाही में 3.3 प्रतिशत घटकर 5.311 मिलियन मीट्रिक टन (mmt) रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 5.495 mmt था। इसी तरह, पिछले साल की तुलना में इस तिमाही में इसका गैस उत्पादन 3 प्रतिशत कम रहा।
कंपनी ने कहा कि पन्ना-मुक्ता ऑफशोर प्लेटफॉर्म बंद होने और 'बिपरजॉय' चक्रवात के कारण जून तिमाही में उसके उत्पादन में गिरावट आई है। ONGC ने शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में बताया, "कंपनी ने वित्त वर्ष 2021 के दौरान कुल मिलाकर ₹4,140 करोड़ के नॉन-कनवर्टिबल डिबेंचर (NCD) की 4 सीरीज जारी की थीं और इन पैसों का इस्तेमाल उसी साल के दौरान तय उद्देश्यों के लिए किया गया था।"
ONGC ने शुक्रवार को शेयर बाजार बंद होने के बाद अपने नतीजे जारी किए। कंपनी के शेयर शुक्रवार को बीएसई पर 0.81 फीसदी बढ़कर 177.20 रुपये के भाव पर बंद हुए। इस साल की शुरुआत से अबतक कंपनी के शेयरों में करीब 17.78 फीसदी की तेजी आई है।