इंडिया इंक के जून तिमाही के नतीजे आ चुके हैं और निवेशक और विश्लेषक बारीकी से आंकड़ों की पड़ताल में जुटे हैं। हालांकि, क्या आपको पता है कि निफ्टी सूचकांक में शामिल किस कंपनी का नेट प्रॉफिट सबसे कम रहा? या फिर देश की टॉप 50 फर्मों का कुल रेवेन्यू क्या है? हम आपको कुछ ऐसे ही दिलचस्प आंकड़ों के बारे में बता रहे हैं:
अमेरिकी एक्ट्रेस और डायरेक्टर ग्रेटा गर्विग (Greta Gerwig) की फिल्म बार्बी (Barbie) न सिर्फ दुनिया भर में लोकप्रिय हुई है, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर कमाई करने के लिहाज से भी यह काफी सफल रही है। इस फिल्म ने दुनिया भर में टिकटों की बिक्री के जरिये 1.2 अरब डॉलर यानी तकरीबन 9,950 करोड़ रुपये कमाए हैं। यह आंकड़ा ज्यादातर भारतीय कंपनियों की पहली तिमाही के नेट प्रॉफिट से ज्यादा है।
इसके अलावा, फिल्म का रिटर्न ऑन इनवेस्टमेंट (ROI) पहले ही 700 पर्सेंट से ज्यादा हो चुका है। निफ्टी में शामिल कितनी कंपनी अपनी पूंजी पर इतने रिटर्न का दावा कर सकती हैं?
हम आपको एक और दिलचस्प आंकड़े से रूबरू कराने जा रहे हैं। जून तिमाही में एपल (Apple) का नेट प्रॉफिट 19.4 डॉलर रहा, जबकि इस दौरान निफ्टी50 (Nifty50) की सभी कंपनियों का कुल प्रॉफिट 23.4 अरब डॉलर यानी 1.94 लाख करोड़ रुपये रहा। संबंधित अवधि में एपल का रेवेन्यू 83 अरब डॉलर था, जबकि इस दौरान निफ्टी50 फर्मों का रेवेन्यू 200 अरब डॉलर यानी 16.63 लाख करोड़ रुपये रहा।
खाने पर खर्च, कंपनियों के प्रॉफिट से ज्यादा
अमेरिकी उपभोक्ताओं ने पिछले साल पिज्जा पर तकरीबन 47 अरब डॉलर खर्च किया। अगर इस आंकड़े को एक तिमाही के आधार पर देखा जाए, तो यह निफ्टी50 फर्मों की पहली तिमाही के नेट प्रॉफिट का तकरीबन आधा है।
इसी तरह, खबरों के मुताबिक ब्राजील के स्टार फुटबॉल खिलाड़ी नेमार (Neymar) का सऊदी प्रो लीग क्लब के साथ एक साल का कॉन्ट्रैक्ट 40 करोड़ डॉलर का है, जिसमें उनके बेस सैलरी और कमर्शियल डील भी शामिल हैं।
अगर नेमार की इस कमाई को तिमाही आधार पर बांट दिया जाए (तकरीबन 825 करोड़ रुपये), तो यह जून तिमाही में निफ्टी की 14 कंपनियों के नेट प्रॉफिट से ज्यादा होगा। इन कंपनियों में अदाणी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises), अपोलो हॉस्पिटल्स (Apollo Hospitals), यूपीएल (UPL), टाइटन (Titan) और टाटा स्टील (Tata Steel) शामिल हैं।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने तिमाही नेट प्रॉफिट के मामले में दिग्गज कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) को पीछे छोड़ दिया है। फाइनेंशियल ईयर 2024 की पहली तिमाही में सिर्फ 7 कंपनियों का नेट प्रॉफिट 10,000 करोड़ रुपये से ज्यादा रहा। निफ्टी पैक में सबसे कम नेट प्रॉफिट हासिल करने वाली कंपनी यूपीएल (UPL) रही , जिसका नेट प्रॉफिट 159 करोड़ रुपये रहा।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट के पास है। रिलायंस इंडस्ट्रीज इस मीडिया ट्रस्ट की एकमात्र लाभार्थी है।