PB Fintech Q1 Results: काफी कम हो गया कंपनी का घाटा, रेवेन्यू 32% की बढ़ोतरी

Policybazaar और Paisabazaar चलाने वाली इस कंपनी का घाटा संबंधित अवधि में 11.9 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में कंपनी को 204 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। संबंधित अवधि में कंपनी का ऑपरेटिंग रेवेन्यू 32 पर्सेंट बढ़कर 666 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल की इसी अवधि में कंपनी का ऑपरेटिंग रेवेन्यू 505 करोड़ रुपये था

अपडेटेड Aug 07, 2023 पर 9:20 PM
संबंधित अवधि में तकरीबन 3.69 करोड़ ग्राहकों ने कंपनी के प्लैटफॉर्म पर क्रेडिट स्कोर ऐक्सेस किया।

जून 2023 तिमाही में पीबी फिनेटक ( PB Fintech) का घाटा पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले काफी कम हो गया। पॉलिसीबाजार (Policybazaar) और पैसाबाजार (Paisabazaar) चलाने वाली इस कंपनी का घाटा संबंधित अवधि में 11.9 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में कंपनी को 204 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।

संबंधित अवधि में कंपनी का ऑपरेटिंग रेवेन्यू 32 पर्सेंट बढ़कर 666 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल की इसी अवधि में कंपनी का ऑपरेटिंग रेवेन्यू 505 करोड़ रुपये था। जून तिमाही में कंपनी का कंसॉलिडेटेड एडजस्टेड इबिट्डा (EBITDA) 23 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की इसी तिमाही में यह -66 करोड़ रुपये था।

संबंधित अवधि में कंपनी के कोर ऑनलाइन बिजनेस, पॉलिसीबाजार और पैसाबाजार का ऑपरेटिंग रेवेन्यू सालाना आधार पर 39 पर्सेंट की बढ़ोतरी के साथ 516 करोड़ रुपये रहा, जबकि कॉन्ट्रिब्यूशन मार्जिन बढ़कर 45 पर्सेंट हो गया।


कोर ऑनलाइन बिजनेस में, प्रोटेक्शन (हेल्थ+टर्म) से जुड़े नए इंश्योरेंस प्रीमियम में तिमाही आधार पर 40 पर्सेंट की बढ़ोतरी हुई। कंपनी का कोर बिजनेस एडजस्टेड इबिट्डा बढ़कर 69 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल की इसी अवधि में यह सिर्फ 5 करोड़ रुपये था। साथ ही, ए़डजस्टेड इबिट्डा मार्जिन में 13 पर्सेंट की बढ़ोतरी हुई।

कंपनी से जुड़े कस्टमर के अनुभव, आदि में लगातार बेहतरी देखने को मिल रही है और इसका सीएसएटी (कस्टमर संतुष्टि स्कोर) 88 पर्सेंट है। क्रेडिट बिजनेस में पीबी फिनेटक का एआरआर (सालाना रन रेट) 16,000 करोड़ डिसबर्सल है और सालाना आधार (जुलाई 2023) पर 5.8 लाख क्रेडिट कार्ड जारी किए गए हैं।

संबंधित अवधि में तकरीबन 3.69 करोड़ ग्राहकों ने कंपनी के प्लैटफॉर्म पर क्रेडिट स्कोर ऐक्सेस किया और 75 पर्सेंट डिसबर्सल मौजूदा ग्राहकों से संबंधित थे। जून तिमाही में कंपनी के न्यू इनिशिएटिव बिजनेस का ऑपरेटिंग रेवेन्यू सालाना आधार पर 11 पर्सेंट की बढ़ोतरी के साथ 149 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान, कंपनी के इस सेगमेंट का घाटा सिमटकर 46 करोड़ रुपये रह गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में कंपनी का शेयर 1.73% ऊपर 794.50 रुपये पर बंद हुआ।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।