TVS Motor Q2 Results : सितंबर तिमाही में 32% बढ़ा मुनाफा, रेवेन्यू में 13% का उछाल

TVS Motor Q2 Results : टू-व्हीलर कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट, जिसकी गणना EBITDA के रूप में की जाती है, सालाना 22 फीसदी बढ़कर 900 करोड़ रुपये हो गया। तिमाही के लिए EBITDA मार्जिन 11% रहा, जबकि एक साल पहले यह 10.2% था। कंपनी ने मार्केट क्लोज होने के बाद नतीजे जारी किए हैं

अपडेटेड Oct 30, 2023 पर 6:01 PM
टीवीएस मोटर कंपनी ने आज 30 अक्टूबर को मौजूदा वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है।

TVS Motor Q2 Results : टीवीएस मोटर कंपनी ने आज 30 अक्टूबर को मौजूदा वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 32 फीसदी बढ़कर 536.50 करोड़ रुपये हो गया है। ऑटोमेकर ने एक साल पहले की अवधि में 407 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था। वहीं, ऑपरेशन से रेवेन्यू सालाना आधार पर लगभग 13 फीसदी बढ़कर 8,145 करोड़ रुपये हो गया। यह पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 7,219.18 करोड़ रुपये था।

कैसे रहे तिमाही नतीजे

टू-व्हीलर कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट, जिसकी गणना EBITDA के रूप में की जाती है, सालाना 22 फीसदी बढ़कर 900 करोड़ रुपये हो गया। तिमाही के लिए EBITDA मार्जिन 11% रहा, जबकि एक साल पहले यह 10.2% था। कंपनी ने मार्केट क्लोज होने के बाद नतीजे जारी किए हैं। TVS Motor Company के शेयरों में आज 1.25 फीसदी की तेजी आई है और यह स्टॉक 1,611.70 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।


सितंबर तिमाही में 5% बढ़ी बिक्री

सितंबर तिमाही में कंपनी की निर्यात सहित कुल दोपहिया और तिपहिया वाहनों की बिक्री 5 फीसदी बढ़कर 10.74 लाख यूनिट हो गई। मोटरसाइकिल की बिक्री में 3% की ग्रोथ हुई और स्कूटर की बिक्री में 10% की वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी ने तिमाही में 2.39 लाख दोपहिया वाहनों का निर्यात किया है। इलेक्ट्रिक व्हीकल की बात करें तो कंपनी के कुल TVS iQube की बिक्री 2 लाख यूनिट से अधिक हो गई।

कैसा रहा है शेयरों का प्रदर्शन

पिछले एक महीने में TVS Motor Company के शेयरों में 5 फीसदी से अधिक की तेजी आई है। पिछले 6 महीने में यह स्टॉक करीब 40 फीसदी चढ़ चुका है। इस साल अब तक इसने 50 फीसदी का रिटर्न दिया है। पिछले एक साल में निवेशकों को 40 फीसदी रिटर्न मिला है। इतना ही नहीं, पिछले तीन सालों में निवेशकों को 253 फीसदी का बंपर मुनाफा हुआ है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।