सीएनबीसी-आवाज़ को सूत्रों से मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के मुताबिक इस वित्त वर्ष में ओएनजीसी में 5 फीसदी हिस्सेदारी का विनिवेश किया जा सकता है। सरकार की ओएनजीसी के विनिवेश से 10000-12000 करोड़ रुपये की पूंजी जुटाने की योजना है। वित्त वर्ष 2017 की तीसरी तिमाही में ओएनजीसी में 5 फीसदी हिस्सेदारी का विनिवेश किया जा सकता है।
मौजूदा भाव के मुताबिक ओएनजीसी की 5 फीसदी हिस्सेदारी का वैल्युएशन 11100 करोड़ रुपये के आसपास होता है। सूत्रों के मुताबिक सरकार का मानना है कि पिछले साल के मुकाबले इस साल ओएनजीसी में विनिवेश के लिए बाजार का माहौल अनुकूल है।
बता दें कि कैबिनेट ने पहले ही ओएनजीसी में विनिवेश के लिए हरी झंडी दिखा दी है। फिलहाल सरकार की ओएनजीसी में 68.93 फीसदी हिस्सेदारी है। वहीं इस साल सरकार की विनिवेश के जरिए 56500 करोड़ रुपये की पूंजी जुटाने की योजना है।