IDBI Bank stake sale: मिडिल ईस्ट की दमदार बैंकिंग कंपनी एमिरेट्स एनबीडी ( Emirates NBD) और अरबपति प्रेम वत्स की अगुवाई वाला कनाडा का फेयरफैक्स ग्रुप (Fairfax Group) आईडीबीआई बैंक (IDBI Bank) में सरकार की हिस्सेदारी खरीदने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इस मामले की जानकारी रखने वाले कई सूत्रों ने मनीकंट्रोल को बताया कि Emirates NBD और Fairfax Group आईडीबीआई बैंक में मेजॉरिटी हिस्सेदारी खरीदने के लिए इस हफ्ते एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) जमा कर सकते हैं।
इस मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने बताया, " Emirates NBD और Fairfax Group का नाम उन कंपनियों में शामिल है जो पहले चरण में EOI जमा कर सकते हैं।" इस मामले में एक अन्य सूत्र ने भी इस बात को सही बताया कि Emirates NBD और Fairfax Group आईडीबीआई बैंक में सरकार की हिस्सेदारी खरीद सकते हैं।
इसके अलावा एक तीसरे शख्स ने बताया कि लग्जमबर्ग की प्राइवेट इक्विटी कंपनी CVC कैपिटल पार्टनर्स भी इस डील में दिलचस्पी ले रही है। लेकिन मनीकंट्रोल स्वतंत्र तौर पर इस बात की पुष्टि नहीं करता है कि ये पीई फर्म EOI जमा करेगी या नहीं।
तीसरे शख्स ने बताया, "यह हाई प्रोफाइल डील है और मुमकिन है कि बाद के चरण में कई पीई फर्मों वाला कंसोर्शियम भी इस डील में शामिल हो सकता है।"
हालांकि इस मामले में मनीकंट्रोल ने DIPAM, Emirates NBD, Fairfax Group और CVC कैपिटल पार्टनर्स को जो ईमेल भेजी थी उसका जवाब नहीं आया है। DIPAM के सेक्रेटरी तुहिन कांत पांडे ने भी इस मामले में कोई बयान नहीं दिया है।
IDBI Bank का क्या है खाड़ी देशों से नाता
मिडिल ईस्ट की बैकिंग पावरहाउस ग्रुप Emirates NBD की शुरुआत 19 जून 1963 में नेशनल बैंक ऑफ दुबई (NBD) के नाम से हुई थी। यह दुबई और UAE का पहला नेशनल बैंक था। कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, NBD का विलय 6 मार्च 2007 में एमिरेट्स बैंक इंटरनेशनल (EBI) में हो गया और Emirates NBD बन गया। यह MENAT रीजन का सबसे बड़ा बैंकिंग ग्रुप बन गया। 16 अक्टूबर 2007 में Emirates NBD के शेयरों की लिस्टिंग दुबई फाइनेंशियल मार्केट में हुई।