जेएसडब्ल्यू ग्रुप (JSW Group) ने ऑटोमोबाइल सेक्टर में एंट्री के अलावा स्टील, सीमेंट, एनर्जी और पेंट जैसे सेक्टरों में 70 अरब डॉलर के निवेश का प्लान तैयार किया है। ग्रुप के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर सज्जन जिंदल ने मनीकंट्रोल को दिए इंटरव्यू में ग्रुप के बिजनेस रोडमैप, स्पोर्ट्स को लेकर अपने जुनून आदि के बारे में बात की। साथ ही, यह भी बताया कि किस तरह से जिंदल बंधु पारिवारिक रिश्तों को बरकरार रखते हुए बिजनेस में प्रतिस्पर्धा करते हैं। सज्जन जिंदल का कहना है कि भारतीय कंपनियों को ऑटो सेक्टर में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।
ग्रुप ने हाल में 70 अरब डॉलर के कैपिटल एक्सपेंडिचर का ऐलान किया है। इस रकम से किन सेक्टरों में निवेश किया जाएगा, इस पर जिंदल ने कहा कि कैपिटल एक्सपेंडिचर का सबसे ज्यादा आवंटन जेएसडब्ल्यू स्टील में है। इसमें सालाना 25,000 करोड़ रुपये की जरूरत होती है। साथ ही, आने वाले समय में रिन्यूएबल एनर्जी और थर्मल एनर्जी में जबरदस्त निवेश की जरूरत होगी। उनके मुताबिक, इसके अलावा, पेंट और ऑटो सेगमेंट में भी निवेश किया जाएगा, लेकिन इसमें अपेक्षाकृत कम पूंजी की जरूरत होती है।
कंपनी की योजना इस दशक के अंत तक स्टील का प्रोडक्शन 2.9 करोड़ टन से बढ़ाकर 5 करोड़ टन करने की है। क्या इस ग्रोथ के लायक बाजार में मांग है? इस पर उन्होंने बताया कि पिछले दो-ढाई साल में भारतीय स्टील की मांग में सालाना 10% से भी ज्यादा की बढ़ोतरी हो रही है और तमाम इंडस्ट्री से जुड़ी क्षमताओं में बढ़ोतरी हो रही है। लिहाजा, मांग बढ़ सकती है।
यह पूछे जाने पर क्या अमेरिका की टैरिफ स्ट्रैटेजी से कंपनी के स्टील बिजनेस पर असर पड़ा है, सज्जन जिंदल का कहना था कि जेएसब्ल्यू स्टील अब भारत से अमेरिका को स्टील एक्सपोर्ट नहीं करता है, क्योंकि राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान 25 पर्सेंट टैरिफ लगा दिया था। हालांकि, कंपनी के पास अमेरिका में मैन्युफैक्चरिंग प्लांट है, जहां स्थानीय स्तर पर स्टील का प्रोडक्शन कर इसकी बिक्री की जाती है।
ऑटोमोबाइल सेक्टर में एंट्री के बारे में जिंदल ने बताया कि फोक्सवैगन के चेन्नई प्लांट के अधिग्रहण से जुड़ी बातचीत अभी आगे नहीं बढ़ पाई, क्योंकि कंपनी ने खुद ही इसे फिर से खोलने का फैसला किया है। एमजी मोटर्स के साथ जिंदल ग्रुप ने काफी अहम प्रगति हासिल की है। सज्जन जिंदल ने कहा कि यह वेंचर उनके सपने से जुड़ा है और ऑटोमोबाइल को लेकर बचपन से उनका एक सपना रहा है।
उन्होंने बताया कि एमजी मोटर्स के जरिये कंपनी न्यू एनर्जी व्हीकल पर फोकस करेगी। इसके अलाव, कंपनी स्टेट ऑफ द आर्ट इलेक्ट्रिक व्हीकल्स डिवेलप करने के लिए जेएसडब्ल्यू ऑटो प्रोजेक्ट (JSW Auto project) पर भी काम कर रही है। इस प्रोजेक्ट पर नई कंपनी के तहत काम किया जाएगा।
भारतीय स्पोर्ट्स में निवेश को लेकर जिंदल ने कहा कि खेल उनका जुनून है और यह सिर्फ बिजनेस नहीं है, बल्कि समाज को वापस कुछ देने का मामला है। सज्जन जिंदल का कहना था कि उनका ग्रुप ओलंपिक स्पोर्ट्स में निवेश कर रहा है। भारत को सिर्फ क्रिकेट प्रेमी देश नहीं होना चाहिए। फुटबॉल, हॉकी और अन्य खेलों को वाजिब जगह मिलनी चाहिए।