IndiGo बनी दुनिया की छठी सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी, OAG की रिपोर्ट

ओएजी मंथली डेटा के आधार पर दुनिया की सबसे बड़ी 20 एयरलाइंस की लिस्ट जारी करती है। इंडिगो इस लिस्ट में जगह बनाने वाली इंडिया की एकमात्र एयरलाइ है। घरेलू एविएशन मार्केट में भी इंडिगो नंबर वन पायदान पर है

अपडेटेड Apr 10, 2022 पर 9:45 AM
ओएजी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट्स से मार्च में दो लाख लोगों ने हवाई सफर किया। यह एशिया में सबसे ज्यादा है। ये आंकड़े 28 मार्च तक के हैं।

IndiGo दुनिया की छठी सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी बन गई है। इंग्लैंड की ऑफिशियल एयरलाइन गाइड (OAG) ने बताया है कि पैसेंजर की संख्या के लिहाज से इंडिगो मार्च में दुनिया में छठे पायदान पर रही। इंडिगो लो-कॉस्ट एयरलाइन है। इसका मतलब है कि यह कम प्राइस पर हवाई सफर का मौका पैसेंजर्स को देती है।

इंडिगो की फ्लाइट्स से 2 लाख लोगों ने किया सफर

ओएजी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट्स से मार्च में दो लाख लोगों ने हवाई सफर किया। यह एशिया में सबसे ज्यादा है। ये आंकड़े 28 मार्च तक के हैं। OAG ने इंडिगो को दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाली एयलाइन कंपनी भी बताया है। सीट कैपेसिटी के लिहाज से यह मार्च में दुनिया की टॉप 10 एयरलाइंस में भी शामिल रही।


यह भी पढ़ें : Business Idea: नींबू के बिजनेस से घर बैठे होगी बंपर कमाई, जानिए कैसे करें शुरू

इंडियन एविएशन मार्केट में भी इंडिगो नंबर वन पर

ओएजी मंथली डेटा के आधार पर दुनिया की सबसे बड़ी 20 एयरलाइंस की लिस्ट जारी करती है। इंडिगो इस लिस्ट में जगह बनाने वाली इंडिया की एकमात्र एयरलाइ है। घरेलू एविएशन मार्केट में भी इंडिगो नंबर वन पायदान पर है। इसकी बाजार हिस्सेदारी सबसे ज्यादा है। इसे प्राइवेट एयरलाइंस जेट एयरवेज के बंद होने का काफी फायदा मिला था।

कंपनी जल्द करेगी हवाई सेवाओं का विस्तार

इंडिगो के सीईओ तऔर होलटाइम डायरेक्टर रॉनजॉय दत्ता ने कहा, "इंडिगो को दुनिया की टॉप एयरलाइंस में देखना रोमांचक है। यह भारत के लिए भी गौरव की बात है। यह इस बात का भी संकेत है कि देश कोरोना महामारी से तेजी से उबर रहा है।" उन्होंने कहा कि दुनियाभर में फिर से हवाई सेवाएं बहाल होने के बाद हम ज्यादा रूट पर सेवाएं देने और सेवाओं की फ्रीक्वेंसी बढ़ने की उम्मीद कर रहे हैं।

इंडिगो ने अप्रैल में अपनी बंद कई फ्लाइट्स फिर से शुरू करने का ऐलान किया है। इंडिया के कई एयरपोर्ट्स से इसकी 150 फॉरेन फ्लाइट्स फिर से शुरू होने जा रही हैं। कंपनी ने अपने डोमेस्टिक नेटवर्क का भी विस्तार किया है। इसने कई नए रूट पर सेवाएं शुरू की हैं।

2006 में हुई थी लो-कॉस्ट एयरलाइन IndiGo की शुरुआत

IndiGo ने अगस्त 2006 में सेवाएं शुरू की थी। शुरुआत में इसके पास सिर्फ एक प्लेन था। आज इसके बेड़े में 276 एयरक्राफ्ट्स हैं। घरेलू एविएशन मार्केट में इसकी बाजार हिस्सेदारी 55.5 फीसदी है। यह डेटा जनवरी 2022 का है। यह 97 डेस्टिनेशन के लिए हवाई सेवाएं देती है। इसमें 73 डोमेस्टिक और 24 इंटरनेशनल डेस्टिनेशंस शामिल हैं।

एक साल में शेयर ने दिया है 25% प्रॉफिट

शुक्रवार को इंडिगो का शेयर 1.24 फीसदी चढ़कर 2005 रुपये पर बंद हुआ। एक साल में इंडिगो के शेयर ने 25 फीसदी से ज्यादा प्रॉफिट दिया है। पिछले साल 12 अप्रैल को इसके शेयर का भाव 1,593 रुपये था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।