Jaiprakash Associates ने 4,044 करोड़ रुपये के लोन पर किया डिफॉल्ट

Jaiprakash Associates Ltd ने रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि कंपनी 30 जून को 1,660 करोड़ रुपये का मूलधन और 2,384 करोड़ रुपये का ब्याज चुकाने में नाकाम रही। कंपनी ने बताया कि कर्ज को कम करने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। कंपनी की कुल उधारी (ब्याज समेत) 29,477 करोड़ रुपये है, जिसे साल 2037 तक चुकाना है

अपडेटेड Jul 07, 2023 पर 10:46 PM
Story continues below Advertisement
देश के सबसे बड़े स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने भी जयप्रकाश एसोसिएट्स के खिलाफ NCLT में याचिका दायर की है।

जेपी ग्रुप (Jaypee Group) की फ्लैगशिप कंपनी जयप्रकाश एसोसिएट्स ने 4,044 करोड़ रुपये का लोन डिफॉल्ट किया है। इसमें मूलधन और ब्याज, दोनों रकम शामिल हैं। जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड (Jaiprakash Associates Ltd) ने रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि कंपनी 30 जून को 1,660 करोड़ रुपये का मूलधन और 2,384 करोड़ रुपये का ब्याज चुकाने में नाकाम रही।

ये लोन कई बैंकों के हैं और इनमें फंड आधारित वर्किंग कैपिटल, गैर-फंड आधारित वर्किंग कैटिपल, टर्म लोन और FCCB (फॉरेन करेंसी कन्वर्टिबल बॉन्ड्स) शामिल हैं। जयप्रकाश एसोसिएट्स ने बताया, 'कंपनी की कुल उधारी (ब्याज समेत) 29,477 करोड़ रुपये है, जिसे साल 2037 तक चुकाना है। इनमें से 4,044 करोड़ रुपये के भुगतान के लिए 30 जून, 2023 अंतिम तारीख थी।'

कंपनी ने बताया कि कुल 29,477 करोड़ रुपये की उधारी में से 18,319 करोड़ कम हो जाएंगे जिसे प्रस्तावित स्पेशल पर्पज व्हीकल (SPV) को ट्रांसफर करने की बात है। प्रस्तावित स्पेशल पर्पज व्हीकल के लिए सभी संबंधित पक्षों से मंजूरी मिल चुकी है और यह मामला नेशनल कंपनी लॉ ट्राइब्यूनल (NCLT) में लंबित है। कंपनी के बयान के मुताबिक, पूरा लोन रीस्ट्रक्चरिंग के दायरे में शामिल है।

BSNL का हिट प्लान, सिर्फ 6 रुपये रोजाना के खर्च में मिलेगी 3 महीने वैलिडिटी, कॉल और SMS सब फ्री


कंपनी ने बताया कि कर्ज को कम करने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। कंपनी के प्रतिनिधि ने कहा, 'सीमेंट बिजनेस के बेचने और रीस्ट्रक्चरिंग पर अमल होने के बाद कंपनी का कर्ज तकरीबन शून्य हो जाएगा।' जयप्रकाश एसोसिएट्स ने यह भी बताया कि रिजर्व बैंक के निर्देश पर ICICI बैंक ने NCLT इलाहाबाद का दरवाजा खटखटाया था।

ICICI बैंक ने सितंबर 2018 में जयप्रकाश एसोसिएट्स को दिवालिया घोषित करने के लिए याचिका दायर की थी। देश के सबसे बड़े स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने भी जयप्रकाश एसोसिएट्स के खिलाफ NCLT में याचिका दायर की है और 15 सितंबर 2022 के मुताबिक कंपनी का कुल डिफॉल्ट 6,893.15 करोड़ रुपये है। जयप्रकाश एसोसिएट्स और उसकी ग्रुप कंपनियों ने हाल में अपना बाकी सीमेंट बिजनेस डालमिया भारत लिमिटेड को बेचने का ऐलान किया है। यह सौदा 5,666 करोड़ रुपये में हुआ है। कंपनी ने अपना कर्ज कम करने के लिए इस सेक्टर से निकलने का फैसला किया है

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।