ई-फार्मेसी PharmEasy के प्री-IPO फंडिंग राउंड में हेज फंड स्टेडव्यू कैपिटल, IIFL और एक अमेरिकी हेज फंड शामिल होने के लिए बातचीत कर रहे हैं। कंपनी ने लगभग 10 करोड़ डॉलर की सेकेंडरी ट्रांजैक्शन को भी फाइनल किया है जिसमें इंफोसिस के को-फाउंडर नंदन नीलेकणि का वेंचर फंड फंडामेंटम सहित कुछ मौजूदा इनवेस्टर्स अपने स्टेक का हिस्सा बेच सकते हैं।
PharmEasy अमेरिका और साउथईस्ट एशिया के कुछ इनवेस्टर्स से 20 करोड़ डॉलर की प्राइमरी कैपिटल जुटा रही है। इसके साथ ही यह IPO के लिए डॉक्यूमेंट दाखिल करने से पहले 30 करोड़ डॉलर की एक फंडिंग को हासिल कर सकती है।
नए इनवेस्टर्स प्राइमरी और सेकेंडरी ट्रांजैक्शंस के जरिए कंपनी में फंड लगाने के लिए बातचीत कर रहे हैं। सेकेंडरी ट्रांजैक्शन में मौजूदा इनवेस्टर्स अपने कुछ शेयर्स नए इनवेस्टर्स को बेचते हैं और यह फंड कंपनी के पास नहीं जाता।
प्राइमरी ट्रांजैक्शन में कंपनी को नए शेयर्स जारी करने से फंड मिलता है।
PharmEasy ने जून में 4.2 अरब डॉलर का वैल्यूएशन हासिल किया था जब इसने डायग्नोस्टिक चेन थायरोकेयर का एक्विजिशन किया था।
प्री-IPO राउंड के अलावा अमेरिकी एसेट मैनेजमेंट कंपनी फिडेलिटी कंपनी के IPO के दौरान इसके एंकर इनवेस्टर के तौर पर शामिल होने के लिए बातचीत कर रही है। इसके लिए यह बड़ा इनवेस्टमेंट कर सकती है।