रिलायंस रिटेल वेंचर्स (Reliance Retail Ventures) की एफएमसीजी शाखा रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (Reliance Consumer Products Ltd (RCPL) ने 3 जनवरी को ऐलान किया है कि वह सोस्यो हजूरी बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड (Sosyo Hajoori Beverages Pvt Ltd) में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदेगी। सोस्यो का मुख्यालय गुजरात में है। दोनों कंपनियों ने एक ज्वाइंट वेंचर बनाया है। कंपनी ने प्रेस नोट में ये बयान जारी किया है। सन 1923 में अब्बास अब्दुलरहीम हजूर द्वारा स्थापित सोस्यो, कई कार्बोनेटेड शीतल पेय (सीएसडी) और जूस बनाता है। 100 साल पुरानी फर्म का गुजरात में भरोसेमंद ग्राहकों की अच्छी संख्या है। इसके पोर्टफोलियो के तहत कुछ लोकप्रिय ब्रांड सोस्यो, कश्मीरा, लेमी, जिनलिम, रनर, ओपनर, हजूरी सोडा और S’eau शामिल हैं।
कंपनी का नेतृत्व वर्तमान में अब्बास हजूरी और उनके बेटे अलियासगर हजूरी कर रहे हैं। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मौजूदा प्रोमोटर यानी कि हजूरी परिवार शेष हिस्सेदारी के मालिक बने रहेंगे।
RCPL के साथ ज्वाइंट वेंचर से सोस्यो को रिलायंस के बाजार का ज्ञान, वितरण और खुदरा नेटवर्क का लाभ मिलेगा। इससे सोस्यो के ब्रांडों के विकास में तेजी आने की उम्मीद है।
अब्बास हजूरी ने कहा, “रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के साथ इस साझेदारी में प्रवेश करके हम खुश हैं। RCPL एक मजबूत और इच्छुक भागीदार है जो सोस्यो को तेजी से अपनी पहुंच बढ़ाने में मदद कर सकता है। अपनी-अपनी संबंधित क्षमताओं के साथ हम भारत में सभी उपभोक्ताओं के लिए सोस्यो के अनूठे स्वाद वाले पेय उत्पादों को उपलब्ध करायेंगे।
इस अधिग्रहण से RCPL को अपने पेय पोर्टफोलियो को बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। इससे पहले अगस्त में रिलायंस रिटेल वेंचर्स ने दिल्ली के प्योर ड्रिंक्स ग्रुप (Pure Drinks Group) से घरेलू शीतल पेय ब्रांड कैंपा (Campa) को खरीद लिया था।
रिलायंस रिटेल वेंचर्स की कार्यकारी निदेशक ईशा अंबानी (Reliance Retail Ventures executive director Isha Ambani) ने कहा कि Sosyo में निवेश हमारे दृष्टिकोण के मुताबिक स्थानीय विरासत ब्रांडों को सशक्त बनायेगा। उन्हें विकास के नए अवसरों के साथ पेश करने और आगे बढ़ाने में मदद करेगा।
उन्होंने कहा, "हम अपने उपभोक्ता ब्रांड पोर्टफोलियो में सौ साल पुराने Sosyo के विरासत पेय ब्रांडों के देसी पावर का स्वागत करते हैं। हमें विश्वास है कि हमारी जानकारी, उपभोक्ता के प्रति समझ और खुदरा वितरण की ताकत Sosyo के विकास की गति को तेज करने में मदद करेगी।"
(डिस्क्लोजर: Moneycontrol.com नेटवर्क 18 का हिस्सा है। नेटवर्क 18 मीडिया एंड इनवेस्टमेंट लिमिटेड पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का मालिकाना हक है। इसकी बेनफिशियरी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)