Get App

फ्रैंकलिन टेम्पलटन के पूर्व चीफ को राहत, सेबी के फैसले पर SAT ने लगाई रोक

SEBI ने कुडवा पर सिक्योरिटीज मार्केट में कारोबार करने के लिए एक वर्ष की रोक और सात करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था

MoneyControl Newsअपडेटेड Jul 02, 2021 पर 10:26 AM
फ्रैंकलिन टेम्पलटन के पूर्व चीफ को राहत, सेबी के फैसले पर SAT ने लगाई रोक

सिक्योरिटीज एंड अपीलेट ट्राइब्यूनल (SAT) ने फ्रैंकलिन टेम्पलटन एशिया पैसिफिक (APAC) के पूर्व हेड विवेक कुडवा पर गलत कारोबारी तरीकों के लिए मार्केट रेगुलेटर SEBI की ओर से लगाए गए प्रतिबंध पर गुरुवार को रोक लगा दी। SEBI ने पिछले महीने कुडवा और उनकी पत्नी रूपा को रिडीम की गई यूनिट्स को रिडीम करने से मिले 30.70 करोड़ रुपये एस्क्रो एकाउंट में जमा करने का निर्देश दिया था।

इसके अलावा SEBI ने उन पर सिक्योरिटीज मार्केट में कारोबार करने के लिए एक वर्ष की रोक और सात करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था।

SEBI ने कहा था कि कुडवा और उनकी पत्नी के साथ ही कुडवा की स्वर्गीय मां वसंती ने फ्रैंकलिन टेम्पलटन की विवादित छह डेट स्कीमों से अपने व्यक्तिगत निवेश को गोपनीय और गैर सार्वजनिक जानकारी के आधार पर रिडीम किया था।

कुडवा ने दलील दी थी कि रेगुलेटर ने उन्हें सिक्योरिटीज मार्केट से प्रतिबंधित करने के लिए अपने अधिकार क्षेत्र का गलत इस्तेमाल किया है।

प्रतिबंध पर रोक लगने के बावजूद कुडवा को जुर्माने की आधी रकम जमा करनी होगी।

फ्रैंकलिन टेम्पलटन ने पिछले वर्ष अप्रैल में लगभग 26,000 करोड़ रुपये के एसेट्स वाली छह डेट स्कीमें बंद कर दी थी। इससे पहले इन स्कीमों से निवेशकों ने काफी रिडेम्प्शन किया था।

SEBI की जांच में पाया गया था कि फ्रैंकलिन टेम्पलटन ने इन डेट स्कीमों के प्रबंधन में बड़ी गल्तियां या उल्लंघन किए थे।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें