देश की दिग्गज ऑटो मेकर्स कंपनी टाटा मोटर्स (Tata Motors) ने बुधवार को सूचित किया है कि उसने अपनी एक पूर्ण स्वामित्व वाली एक सहायक कंपनी का गठन किया है जिसका नाम Tata Passenger Electric Mobility Limited है। यह कंपनी इलेक्ट्रिक मोटरव्हीकल बनाएगी। कंपनी मामलों के मंत्रालय ने 21 दिसंबर 2021 को इस कंपनी के लिए सर्टिफिकेट ऑफ इनकॉर्पोरेशन जारी कर दिया है।
कंपनी की यह सब्सिडियरी सभी तरह के इलेक्ट्रिक और हाईब्रिड इलेक्ट्रिक वाहनों से संबंधित डिजाइनिंग, विकास और दूसरी सर्विसेस से जुड़े काम करेगी।
टाटा मोटर्स , टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी (TPEML) की प्रमोटर होगी और इसमें उसकी 100 फीसदी हिस्सेदारी होगी। इस सहायक कंपनी का गठन 700 करोड़ रुपये की शुरुआती पूंजी से किया गया है।
गौरतलब है कि इसी साल अक्टूबर में टाटा मोटर्स ने अपने इलेक्ट्रिक मोटर कारोबार में अगले 5 साल में 2 अरब डॉलर निवेश योजना का एलान किया था। कंपनी ने यह भी बताया था कि उसने प्राइवेट इक्विटी फर्म TPG से अपने इलेक्ट्रिक कारोबार के लिए फंड जुटाया है। TPG के राइट Rise Climate Fund और Abu Dhabi state होल्डिंग कंपनी ने टाटा मोटर्स के ईवी कारोबार में करीब 1 डॉलर निवेश करने पर अपनी सहमति दी है।
फिलहाल 12.27 बजे के आसपास एनएसई पर यह शेयर 3.90 रुपये यानी 0.83 फीसदी की बढ़त के साथ 474.05 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं बीएसई पर यह शेयर 3.50 रुपये यानी 0.74 फीसदी की मजबूती के साथ 474 रुपये के स्तर पर नजर आ रहा है।
आज के कारोबार में यह शेयर 476.45 रुपये के स्तर पर खुला था जबकि इसकी कल की क्लोजिंग 470.50 रुपये पर हुई थी। कंपनी का मार्केट कैप 157,394 रुपये है। इस शेयर का 52 वीक लो 156.55 रुपये पर है जबकि 52 वीक हाई 536.50 रुपये पर है।