टाटा मोटर्स (Tata Motors) ICE (इनटर्नल कम्बस्चन इंजन) और EV (इलेक्ट्रिक व्हीकल) दोनों सेगमेंट में बहुत ही आक्रामक तरीके से नई लॉन्चिंग कर रही है। मुंबई स्थित यह ऑटो दिग्गज अब अपनी नई नेक्सान ईवी मैक्स (Nexon EV Max)आज ही लॉन्च करने जा रही है जो अब पहले की तुलना में बड़ी बैटरी पैक से लैस होगी। बड़ी बैटरी होने की वजह से इसकी रेंज भी बढ़ जाएगी।
गौरतलब है कि टाटा नेक्सन ईवी भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार है। बता दें इसके पहले कंपनी नेक्सन ईवी मैक्स को 20 अप्रैल को लॉन्च करने वाली थी। लेकिन 20 अप्रैल को यह लॉन्चिंग नहीं हो पाई। इसके पहले टाटा मोटर्स ने 29 अप्रैल को Tata Avinya नाम की अपनी प्योर इलेक्ट्रिक कार के कंसेप्ट का अनावरण किया था।
नई टाटा नेक्सन ईवी मैक्स (Nexon EV Max) में 40kWh की बैटरी हो सकती है। बता दें कि नेक्सन के वर्तमान वर्जन में 30.2kWh पैक वाली बैटरी लगाई गई है। बड़ी बैटरी होने के कारण टाटा नेक्सान ईवी मैक्स अब सिंगल चार्ज में 400 kms तक की दूरी तय कर सकेगी जबकि वर्तमान नेक्सान ईवी सिंगल चार्ज में 312 kms तक की दूरी तय करने का दावा करती है। इसके अलावा इस कार में वेटिलेटेड सीट, एयर प्यूरी फायर और दूसरी अन्य खूबियां भी मिलेगी।
बता दें कि टाटा नेक्सान ईवी में 136 HP की पावर मिलती है जबकि नई टाटा नेक्सान ईवी मैक्स में 143 HP की पावर मिलेगी। इसके साथ ही इसमें 250 NM का पीक पावर मिलेगा।
नेक्सन ईवी मैक्स के इक्सटीरियर में 16-इंच के डुअल-टोन डायमंड-कट अलॉय व्हील्स और चारों पहियों में डिस्क ब्रेक्स दिए गए हैं। गाड़ी के केबिन और डैशबोर्ड में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें आपको वायरलेस चार्जर, स्पोर्ट व ईको ड्राइव मोड, ऑटो-होल्ड फंक्शन, इलेक्ट्रिक पार्किंग ब्रेक और इल्यूमिनेटेड गियर सेलेक्टर डायल जैसे फीचर्स दिए जाएंगे। सेफ्टी के लिए ABS के साथ EBD, ISOFIX,अगले हिस्से में दो एयरबैग्स, कॉर्नर स्टेबिलिटी कंट्रोल और कई अन्य फीचर्स दिए जा सकते हैं।
टाटा नेक्सन ईवी मैक्स में 6.6Kw अपग्रेडेड फास्ट एसी चार्जर भी दिया जा सकता है। बता दें कि इसके वर्तमान वर्जन में 3.3Kw एसी चार्जर दिया गया है। एसी चार्जर के पावर में इस बढ़ोतरी के चलते चार्जिंग टाइम में और कमी आने की संभावना है। गौरतलब है कि वर्तमान में टाटा नेक्सन ईवी XM, XZ Plus, XZ Plus Luxury, Dark XZ Plus और Dark XZ Plus Luxury वैरिएंट में आती है। जिनकी कीमत 14.54 लाख रुपये (एक्स शोरूम) से शुरु होती है। वहीं 2022 टाटा नेक्सान ईवी मैक्स की कीमत 15 लाख से शुरु हो सकती है।