जुलाई-अगस्त में शुरू होगा दिग्गज एयरलाइंस कंपनियों के बीच बड़ा मुकाबला, लौट सकता है सस्ते टिकट का दौर

दिग्गज निवेशक राकेश झुनझुनवाला की अकाश एयर (Akasa Air) की सेवाएं अगले महीने के अंत तक शुरू हो जाने की उम्मीद है। इससे करीब तीन साल बाद एयरलाइंस कंपनियों के बीच जबर्दस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी

अपडेटेड Jun 25, 2022 पर 9:52 AM
Jet Airways ने शुक्रवार को कर्मचारियों की भर्ती शुरू कर दी। DGCA ने 20 मई को एयर ऑपरेटर सर्फिफिकेट दे दिया था। इससे जेट के लिए फिर से हवाई सेवाएं शुरू करने का रास्ता खुल गया है।

आने वाले कुछ हफ्तों में एयरलाइंस इंडस्ट्री में नई जंग छिड़ने जा रही है। दिग्गज निवेशक राकेश झुनझुनवाला की अकाश एयर (Akasa Air) की सेवाएं अगले महीने के अंत तक शुरू हो जाने की उम्मीद है। इससे करीब तीन साल बाद एयरलाइंस कंपनियों के बीच जबर्दस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी। एयर इंडिया को खरीदने के बाद टाटा ग्रुप एयरलाइंस बाजार में फिर से पैर जमाने की कोशिश कर रहा है। उधर, जेट एयरवेज भी अपनी बादशाहत फिर से कायम करने की कोशिश करेगी।

अकाश के सीईओ विनय दुबे ने कहा है कि अगले हफ्ते अकाशा DGCA के लिए टेस्ट फ्लाइट कंडक्ट कर सकती है। एविएशन रेगुलेटर का सर्टिफिकेट मिल जाने के बाद अगले महीने के अंत तक कमर्शियल ऑपरेशन शुरू हो जाने की उम्मीद है।

शुरुआत में अकाश का फोकस घरेलू हवाई सेवाओं पर होगा। कंपनी ने टियर 2 शहरों और मेट्रो शहरों के बीच फ्लाइट शुरू करने का प्लान बनाया है। आकाश को21 जून (मंगलवार) को अपना पहला एयरक्राफ्ट मिल गया। बोइंग 737 मैक्स (Boeing 737 MAX) दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंच गया।


झुनझुनवाला (Rakesh Jhunjhunwala) और एविएशन सेक्टर के पुराने खिलाड़ी विनय दुबे और आदित्य घोष के निवेश वाली एयरलाइन को कमर्शियल फ्लाइट ऑपरेशन के लिए नागर विमानन मंत्रालय से अगस्त, 2021 में नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट मिल गया था। Akasa Air अभी तक 72 Boeing 737 MAX विमानों का ऑर्डर दे चुकी है। मार्च, 2023 तक 18 विमानों की डिलिवरी हो जाएगी। अगले चार साल में बाकी 54 एयरक्राफ्ट मिल जाएंगे।

इधर, Jet Airways ने शुक्रवार को कर्मचारियों की भर्ती शुरू कर दी। DGCA ने 20 मई को एयर ऑपरेटर सर्फिफिकेट दे दिया था। इससे जेट के लिए फिर से हवाई सेवाएं शुरू करने का रास्ता खुल गया है। एक समय जेट देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी थी। इसकी बाजार हिस्सेदारी सबसे ज्यादा थी। लेकिन, धीरे-धीरे इसकी वित्तीय सेहत बिगड़ने लगी। आखिर में पैसे की तंगी की वजह से इसे अपनी सेवाएं बंद करने को मजबूर होना पड़ा।

Air India भी अपनी पुरानी साख फिर से हासिल करने की कोशिश कर रही है। उसका फोकस सेवाओं के विस्तार पर है। उसने करीब 55 रिटायर्ड पायलटों को नौकरी का ऑफर दिया है। कंपनी करीब 300 नए विमान भी हासिल करने जा रही है।

माना जा रहा है कि जुलाई-अगस्त तक देश की दिग्गज एयरलाइंस कंपनियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। ऐसे में पैसेंजर्स को लुभाने के लिए ये कंपनियां डिस्काउंट के साथ ही लुभावने ऑफर पेश कर सकती हैं। इसका सबसे ज्यादा फायदा यात्रियों को मिलने की उम्मीद है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।