लाइव ट्यूटरिंग प्लेटफॉर्म चलाने वाले वेदांतु इनोवेशन (Vedantu Innovation) प्राइवेट लिमिटेड ने बड़े स्तर पर कर्मचारियों की छंटनी की है। पिछले साल नई पूंजी में लाखों डॉलर जुटाने के बाद ऐसा करने वाला ये नया एडटेक स्टार्टअप (Edtech Startup) बन गया है। कंपनी के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, वेदांतु ने अपने 6000 कर्मचारियों में से करीब 200, या 3.5% कर्मचारियों की छंटनी की है।
प्रवक्ता ने आगे कहा कि निकाले गए कर्मचारियों में से 120 कॉन्ट्रैक्ट पर थे और 80 फुल टाइम एम्प्लॉई थे। प्रवक्ता ने कहा, "हमारा उनके साथ एक साल का कॉन्ट्रैक्ट है और हर एक शैक्षणिक वर्ष की शुरुआत में, हम अपनी विकास अपेक्षाओं के आधार पर इन पोस्ट से जुड़े लोड रिबैलेंसिंग प्रोसेस का पालन करते हैं।"
कंपनी अपने शिक्षाविदों और सहायक शिक्षकों की इन पॉजिशन को ज्यादा तकनीकी हस्तक्षेप, क्लास फॉर्मेट के पुनर्गठन और कैटेगरी में बदलाव के साथ फिर से भरने पर विचार कर रही है।
प्रवक्ता ने कहा कि इस बीच, कंपनी ऐसे ही पदों के लिए 100 से ज्यादा, साथ ही अलग-अलग टीमों में 1000 से अधिक कर्मचारियों को भी नियुक्त कर रही है।
वेदांतु की 2011 में वामसी कृष्णा, आनंद प्रकाश और पुलकित जैन ने शुरुआत की थी। 100 मिलियन डॉलर (₹740 करोड़) जुटाने के बाद यूनिकॉर्न का दर्जा हासिल करने वाला भारत का पांचवां डिजिटल लर्निंग स्टार्टअप बन गया है। हालांकि, वेदांतु कर्मचारियों की छंटनी करने वाला नया एडटेक स्टार्टअप है।
पहले भी एडटेक स्टार्टअप ने की छंटनी
पिछले महीने, सॉर्टिंग हैट टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के Unacademy ने लगभग 600 कर्मचारियों की छंटनी की, जो उनके वर्कफोर्स का लगभग 10% था। मार्च में, Unacademy ने संगठन के "पुनर्गठन" के बीच अपनी PrepLadder टीम के 100 से ज्यादा कर्मचारियों को निकाल दिया था।
फरवरी के अंत में, एक दूसरे एडटेक स्टार्टअप Lido Learning ने अपने 1,200 से ज्यादा कर्मचारियों को इस्तीफा देने के लिए कहा था। कंपनी ने ऐसा तब किया, जब वह पैसे की कमी के बीच अपने कारोबार को बंद करना चाह रही थी।
एडटेक सेक्टर के अलावा दूसरे स्टार्टअप्स ने भी इस साल कर्मचारियों की छंटनी की है। पिछले महीने सोशल कॉमर्स स्टार्टअप Meesho ने 150 कर्मचारियों की छंटनी की थी।
फरवरी में ओकेक्रेडिट, जिसे टाइगर ग्लोबल और लाइट्सपीड सहित मार्की निवेशकों का समर्थन हासिल है, उसने लगभग 40 कर्मचारियों की छंटनी की थी।