VODAFONE IDEA Share Breaking News: वोडाफोन ग्रुप की दिक्कतें बढ़ती हुई नजर आ रही है। वोडाफोन ग्रुप (VODAFONE GROUP) को उन पर बकाया कर्ज के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यहां तक कि उन्हें अपने शेयर भी बेचने पड़ सकते हैं। वोडाफोन आइडिया (VODAFONE IDEA) पर फिलहाल 7,000 करोड़ रुपये का बकाया है। इस रकम को नहीं चुकाने या डिफॉल्ट होने की सूरत में वोडाफोन ग्रुप के शेयर बिक सकते हैं। ग्रुप के शेयर बिकने की बात इसलिए सामने आ रही है क्योंकि कंपनी के पास रिकवरी के लिए कोई गारंटी नहीं है। टेलीकॉम सेक्टर में टावर्स का कारोबार करने वाली दिग्गज कंपनी इंडस टावर्स (INDUS TOWERS) ने तिमाही रिपोर्ट में ये जानकारी दी है।
INDUS TOWERS के पास वोडाफोन PLC के शेयर गिरवी रखे हुए हैं। INDUS TOWERS ने तिमाही रिपोर्ट में VODAFONE IDEA के बकाए को लेकर चिंता जताई है। INDUS TOWERS के बोर्ड ने बकाए पर चिंता जताते हुए कहा कि कंपनी के पास रिकवरी के लिए कोई गारंटी नहीं है। इसकी वजह डिफॉल्ट पर वोडाफोन ग्रुप के शेयर बिक सकते हैं।
इस खबर पर ज्यादा जानकारी देते हुए सीएनबीसी-आवाज़ के असीम मनचंदा ने कहा कि INDUS TOWERS के बोर्ड ने कहा कि यदि VODAFONE IDEA अपने बकाया नहीं चुकाती है तो कंपनी अपने पास गिरवी रखे गये वोडाफोन PLC के शेयर बेच सकती है। लेकिन उन्होंने साथ में ये भी कहा कि ये शेयर बेचने के बाद भी उनका बकाया पूरा नहीं हो पायेगा क्योंकि वोडाफोन आइडिया के ऊपर 7000 करोड़ रुपये का बकाया है।
असीम ने आगे कहा कि इंडस टावर्स और वोडाफोन आइडिया इस बकाये के भुगतान के बारे में मिलकर योजना बना रहे हैं। लेकिन यदि उनका प्लान सफल नहीं होता तो डिफॉल्ट होने की सूरत में इंडस टावर्स को भी इससे नुकसान उठाना पड़ सकता है।
असीम मनचंदा ने आगे कहा कि 15 जुलाई के बाद से बकाया रकम चुकाने की किश्त बंद हो चुकी है। उसके पहले वोडाफोन आइडिया ने वोडाफोन पीएलसी के 4000 करोड़ रुपये के शेयर बेचकर बकाया का भुगतान किया था। रिकवरी के लिए कोई गारंटी नहीं होने के कारण वोडाफोन आइडिया द्वारा डिफाल्ट किये जाने पर इंडस टावर्स के पास बकाया वसूलने का ज्यादा मार्ग शेष नहीं रह जाता है।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)