कैडिला हेल्थ में आज शानदार 4 फीसदी की तेजी देखने को मिली है। कंपनी के मोरैया प्लांट में इस महीने के अंत तक सुधार होने की उम्मीद है। मोरैया प्लांट में सुधार होने के बाद कंपनी इसकी तीसरी पार्टी से जांच करा सकती है। आपको बता दें कि कैडिला को यूएस एफडीए से मोरैया प्लांट के लिए दिसंबर 2015 में चेतावनी मिली थी। यूएस की 60 फीसदी बिक्री मोरैया प्लांट से ही होती है। मोरैया प्लांट में सुधार के बाद तीसरी पार्टी से जांच कराई ज सकती है।
उधर फार्मा शेयरों में आज ल्यूपिन फिर फोकस में रहा। इस शेयर में आज दबाव देखने को मिला क्योंकि यूएस-एफडीए ने कंपनी के डभासा यूनिट के लिए दो 483 जारी कर दिया है। आपको बता दें कि फॉर्म 483 तब जारी होता है जब यूनिट में जांच के बाद पाया जाता है कि कंपनी ने फूड ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट का उल्लंघन किया है। हालांकि कंपनी के लिए राहत की बात ये है कि इन दोनों फॉर्म में पाई गई गड़बड़ियां ज्यादा गंभीर नहीं हैं।
इस बीच अरविंदो फार्मा के शेयर में भी आज जमकर खरीदारी हुई है। कपंनी को यूटीआई की दवा के लिए यूएस-एफडीए से मंजूरी मिल गई है। खबरें ये भी हैं कि अरविंदो फार्मा इजराइली दवा कंपनी टेवा के प्रोडक्ट्स खरीद सकती है। सूत्रों के मुताबिक टेवा के 50 से 60 करोड़ डॉलर के प्रोडक्ट बिकने वाले हैं। खबर के बाद बैंक ऑफ अमेरिका मेरिल लिंच ने शेयर में खरीदारी की सलाह दी है और 1065 रुपये का लक्ष्य दिया है।