आइफोन के फैंस के लिए बुरी खबर है। अब आपको एप्पल के नए स्मॉर्टफोन आइफोन 6 और आइफोन 6 प्लस के लिए कुछ ज्यादा इंतजार करना होगा। आइफोन बनाने वाली कंपनी एप्पल ने अपनी वेबसाइट से भारत में दोनों स्मॉर्टफोन की लॉन्च की तारीख हटा दी है। इससे पहले कंपनी ने भारत में आइफोन 6 और आइफोन 6 प्लस की लॉन्च तारीख 17 अक्टूबर बताई थी।
अमेरिका में भारी मांग के कारण भारत में आइफोन 6 और आइफोन 6 प्लस का लॉन्च टाला है। अमेरिका में भी आइफोन 6 की डिलीवरी तुरंत मिल रही है लेकिन आइफोन 6 प्लस की डिलीवरी एक महीने टल गई है। मांग पूरी करने के लिए एप्पल के वेंडर्स ने आइफोन का उत्पादन बढ़ा दिया है। उधर माना जा रहा है कि एप्पल की इस देरी का फायदा सैमसंग को मिलेगा। सैमसंग ने आइफोन 6 और आइफोन 6 प्लस के सामने अपने तीन स्मॉर्टफोन उतारे हैं।
उधर माना जा रहा है कि एप्पल के आइफोन 6 और आइफोन 6 प्लस कंपनी की बिक्री में शानदार इजाफा करेंगे। एक अनुमान के मुताबिक आइफोन 6 और आइफोन 6 प्लस के कारण 2015 में एप्पल की ग्लोबल बिक्री 17 अरब डॉलर बढ़ जाएगी।