इंफोसिस के मनोनीत सीईओ विशाल सिक्का आईटी कंपनियों में सबसे ज्यादा सैलरी पाने वाले सीईओ बन गए हैं। उन्हें इंफोसिस की तरफ से सालाना 50 लाख डॉलर यानी करीब 30 करोड़ रुपये मिलेंगे। जर्मन सॉफ्टवेयर कंपनी एसएपी के पूर्व बोर्ड मेंबर विशाल सिक्का को बेस सैलरी के तौर पर ही 9 लाख डॉलर और वेरिएबल पे के तौर पर करीब 42 लाख डॉलर मिलेंगे। इसके अलावा विशाल सिक्का को स्टॉक ऑप्शन के तौर पर 20 लाख डॉलर भी मिलेंगे।
आईटी सेक्टर के एक्सपर्ट्स के मुताबिक विशाल सिक्का की तनख्वाह दुनिया की बड़ी कंपनियों के सीईओ के स्तर की है और किसी भी भारतीय कंपनी के सीईओ से कहीं ज्यादा है। विशाल सिक्का का कुल वेतन 7.08 मिलियन डॉलर होगा। इंटरनेशनल लेवल पर माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ को 18 मिलियन डॉलर, आईबीएम के सीईओ को 16.2 मिलियन डॉलर और सिटीबैंक के सीईओ को 14.4 मिलियन डॉलर मिलते हैं। इंफोसिस की प्रतिद्वंद्वी कंपनी विप्रो के सीईओ टी के कुरियन अब तक भारतीय आईटी कंपनियों में सबसे ज्यादा तनख्वाह पाने वाले सीईओ थे। पिछले साल उन्हें 6.1 करोड़ रुपये सालाना सैलरी मिली थी। विशाल सिक्का 1 अगस्त को इंफोसिस के मौजूदा सीईओ एस डी शिबुलाल की जगह लेंगे।