कच्चे तेल की गिरती कीमतों से ओएनजीसी और ऑयल इंडिया को बड़ी राहत मिली है। सरकार ने दोनों कंपनियों को इस कारोबारी साल में सब्सिडी पेमेंट के बोझ से मुक्त कर दिया है। यानि बचे हुए तीन महीनों के लिए ओएनजीसी और ऑयल इंडिया को सब्सिडी का बोझ नहीं बांटना पड़ेगा।
फिलहाल ये दोनों अपस्ट्रीम कंपनियां ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को होने वाली अंडर रिकवरी का बोझ सरकार के साथ बांटती हैं। ये कंपनियां ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को जो तेल बेचती हैं उस पर उन्हें डिस्काउंट के जरिए सब्सिडी देनी पड़ती है। लेकिन कच्चे तेल का भाव 50 डॉलर के आसपास पहुंचने की वजह से सरकार ने ओएनजीसी और ऑयल इंडिया को सब्सिडी के बोझ से राहत दे दी है।