काले धन के मामले में भारतीय टैक्स अथॉरिटी की तरफ से दिखाई जा रही सख्ती का एक और सबूत सामने आया है। स्विट्जरलैंड ने माना है कि भारतीय टैक्स अधिकारियों ने उससे इंदौर की टेक्सटाइल फर्म नियो कॉर्प इंटरनेशनल के बारे में जानकारी मांगी है। नियो कॉर्प पर टैक्स चोरी के मामलों में इसी साल फरवरी में छापे भी मारे गए थे।
नियो कॉर्प बीएसई में लिस्टेड है लेकिन इसके शेयरों की कीमत पिछले कुछ दिनों से लगातार गिर रही है। नियो कॉर्प स्विस सरकार के ऑफिशियल गजट में आने वाली उन कंपनियों में सबसे नया नाम है, जिनके बारे में भारत की तरफ से जानकारी मांगी गई है। करीब एक दर्जन कंपनियों या व्यक्तियों के बारे में ऐसी जानकारी इनकम टैक्स डिपार्टमेंट जुटा रहा है। नियो कॉर्प की मार्केट वैल्यू करीब 134 करोड़ रुपये है और ये 28 देशों में मौजूद होने का दावा करती है।