कावेरी जल बंटवारे को लेकर कर्नाटक और तमिलनाडु के बीच विवाद तेज होता जा रहा है। विवाद को लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ किसानों ने कर्नाटक में बंद का आह्वान किया है। किसानों ने सड़क बंद कर टायर भी जलाए हैं। बंद की वजह से तमिलनाडु के होसुर बॉर्डर पर काफी संख्या में बस और दूसरी गाड़ियां रुकी हुई हैं। जिले के स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शांति की अपील की है। उन्होंने इस मामले को लेकर सर्वदलीय बैठक भी बुलाई है।
गौरतलब हो कि पानी की मांग के कारण कर्नाटक और तमिलनाडु के बीच चल रहे विवाद को निपटाने के लिए कावेरी न्यायाधिकरण बनाया गया था। लेकिन कावेरी न्यायाधिकरण के फैसले पर तमिलनाडु ने सहमति ना जताते हुए सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। जिसमें तमिलनाडु ने कर्नाटक से और पानी की मांग की है। वहीं कर्नाटक का दावा है कि उसके जलाशयों में पर्याप्त पानी नहीं है। कर्नाटक ने 10000 क्यूसेक पानी प्रतिदिन की पेशकश की थी। लेकिन इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कर्नाटक को निर्देश दिया कि वह 10 दिन के लिए 15000 क्यूसेक पानी प्रतिदिन छोड़े। इस मामले में अगली सुनावई अब16 सितंबर को होगी।