ऑटो इंडस्ट्री मुश्किल दौर से गुजर रही है। लेकिन ऐसे हालात में भी एक सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और ये है एमपीवी यानि मल्टी पर्पज व्हीकल सेगमेंट। और अब इस सेगमेंट में एक और खिलाड़ी, डटसन गो प्लस ने एंट्री मार दी है। निसान ने इसकी कीमत भी दूसरों के मुकाबले सबसे कम, 4 लाख रुपये रखी है। इसका सीधा मुकाबला मारुति अर्टिगा और होंडा मोबिलियो से होगा जो काफी हिट हैं।
डैटसन गो प्लस 7 सीटर कार जरूर है, लेकिन इसे एक फैमिली कार की तरह मार्केट किया गया है। यानी उनके लिए जिन्हें एक छोटी कार चाहिए लेकिन जरूरत पड़ने पर पूरे परिवार के साथ सफर कर सकें। गो प्लस ऐसी पहली कार है जो 7 सीटर होने के बावजूद 4 मीटर से छोटी है।
सब फोर मीटर को मिलने वाली एक्साइज ड्यूटी छूट का फायदा कंपनी कस्टमर्स को भी दे रही है तभी तो इसकी कीमत 3.75 लाख रुपये से शुरू होती है जो हैचबैक कारों के बराबर है। लुक, स्टाइल और फीचर डटसन गो के ही हैं, लेकिन रियर लुक जरूर बदला हुआ है। गो प्लस में भी 1.2 लीटर का पेट्रोल इंजन है जो 67 बीएचपी पावर देता है। पावरफुल इंजन के बावजूद कंपनी काक दावा है कि ये 20 किलोमीटर का माइलेज देगी।
लेकिन इन सब खूबियों के बावजूद गो प्लस के लिए रास्ता आसान नहीं रहने वाला। इस एमपीवी सेगमेंट में पहले से काफी दमदार खिलाड़ी मौजूद हैं। मारुति अर्टिगा और होंडा मोबिलियो से गो प्लस को कड़ी टक्कर मिलेगी। क्योंकि लुक और स्टाइल के मामले में तीनों कारें मल्टी पर्पज व्हीकल की तरह नहीं दिखती है।
डटसन गो प्लस में अर्टिगा और मोबिलियो की ही तरह 7 सीट का ऑप्शन है। इंजन के लिहाज से देखें तो गो प्लस में 1.2, अर्टिगा में 1.4 और मोबिलियो में 1.5 लीटर का इंजन है। पावर के मामले में भी गो प्लस इन दोनों कारों से मात खा जाती है। लेकिन जब बात आती है माइलेज की, तो इसमें गो प्लस बाजी मार ले जाती है। और कीमत में तो गो प्लस सबसे किफायती है ही। इसके मुकाबले अर्टिगा 6.5 लाख रुपये से शुरू होती है और मोबिलियो करीब 7 लाख रुपये से। और हमारे देश का एक बड़ा तबका है जो माइलेज और प्राइस देखकर ही कार खरीदता है।