होंडा मोटरसाइकिल भारत में जल्द ही एक प्रीमियम मिड रेंज की स्पोर्ट्स बाइक लॉन्च करने वाली है। ये बाइक है सीबीआर650एफ। कंपनी इसे 4 अगस्त को दिल्ली में लॉन्च करेगी। इसकी कीमत इस सेगमेंट की दूसरी बाइक से कम हो, इसके लिए कंपनी सीबीआर650एफ को मानेसर प्लांट में ही असेम्बल कर रही है।
माना जा रहा है कि इसकी कीमत 7 से 8 लाख रुपये तक होगी। कंपनी ने इसकी बुकिंग भी खोल दी है। इसके खरीदार 50 हजार रुपये देकर होंडा सीबीआर650एफ की बुकिंग करा सकते हैं। बुकिंग के बाद इसके खरीदारों को ज्यादा दिन तक इंतजार नहीं करना पड़े इसके लिए कंपनी इस बाइक की रोजाना 2 यूनिट प्रोडक्शन भी शुरू कर दिया है। लेकिन अंदर की बात ये है कि प्लांट में इस बाइक की रोजाना एक ही यूनिट प्रोडक्शन हो रही है। इसलिए लॉन्च होने के बाद इस बाइक पर वेटिंग तो रहना लाज़मी है।
होंडा सीबीआर650एफ में 650सीसी का इन लाइन इंजन लगा है जो 87बीएचपी पावर देता है। कंपनी का कहना है कि परफॉर्मेंस के साथ-साथ इस बाइक में कंफर्ट का भी पूरा ख्याल रखा गया है। इसका सीधा मुकाबला बनेली 650आई और कावासाकी निंजा 650 से है।
होंडा का कहना है कि 2015 में वो 15 प्रोडक्ट लॉन्च करेगी। लेकिन सही मायने में होंडा यूनिकॉर्न 160सीसी, होंडा लिवो के बाद सीबीआर650एफ तीसरी प्रोडक्ट होगी। क्योंकि और भी जितने स्कूटर और बाइक उतारे हैं उन सभी प्रोडक्ट में सिर्फ कॉस्मैटिक बदलाव ही किये गये हैं।