पिछले हफ्ते लॉन्च हुए आईफोन 6 और आईफोन 6+, अब तक के सबसे ज्यादा सफल आईफोन बनने जा रहे हैं। प्रीऑर्डर बुकिंग्स में 40 लाख नए आईफोन बुक हुए, जो अब तक के आईफोन के इतिहास में एक रिकॉर्ड है। और इतनी भारी मांग के चलते अमेरिका, यूके समेत जिन देशों में ये सबसे पहले लॉन्च हुआ, वहां एप्पल स्टोर्स के आगे लंबी कतारों के अलावा लंबी वेटिंग लिस्ट भी है।
16 जीबी के आईफोन के लिए हफ्ता-10 दिन का इंतजार करना होगा, वहीं 128 जीबी के गोल्ड कलर वाले आईफोन 6+ के लिए महीने भर की वेटिंग लिस्ट है। और इतनी भारी मांग का असर भारत पर भी पड़ रहा है, कम सप्लाय के कारण भारतीय ग्रे मार्केट में आईफोन की कीमत लाखों में पहुंच गई है।
16 जीबी का आईफोन 6, 75000 रुपये में मिल रहा है जबकि 64 जीबी 88000 रुपये में मिलेगा। जहां तक आईफोन6+ की बात है इसका 64 जीबी 132000 रुपये में मिल रहा है, जबकी इसके 128 जीबी के लिए काफी जूते घिसने पड़ेंगे क्योंकि ये आसानी से नहीं मिल रहा है।
वैसे भारत में आईफोन 6 का आधिकारिक लॉन्च लगभग 10 दिन आगे खिसकने वाला है। एप्पल इंडिया ने अपनी वेबसाइट से लॉन्चिंग की तारीख, जो जो पहले 17 अक्टूबर लिखी थी, वो वेबसाइट से हटा दी है। उम्मीद है कि दिवाली से पहले नया आईफोन भारतीय बाजार में लॉन्च हो जाएगा।