भारत के फोन के बाजार में सैमसंग को कड़ी टक्कर मिल रही है। आईडीसी की रिपोर्ट के मुताबिक फिलहाल सैमसंग नंबर एक पर है लेकिन माइक्रोमैक्स और दूसरी घरेलू कंपनियां इसको टक्कर दे रही हैं। आईडीसी की रिपोर्ट के मुताबिक इस वित्तवर्ष की दूसरी तिमाही में भारत के कुल फोन बाजार में सैमसंग का हिस्सा 20 फीसदी से घटकर 17 फीसदी रह गया है। वहीं माइक्रोमैक्स का हिस्सा 1 फीसदी बढ़कर 14 फीसदी हो गया है।
आईडीसी के मुताबिक अगली कुछ तिमाही में कंपनियों की पोजिशन बदल सकती है। वहीं स्मार्टफोन सेगमेंट में भी सैमसंग को कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ रहा है। इस साल की दूसरी तिमाही में सैमसंग का हिस्सा 35 फीसदी से घटकर 29 फीसदी ही रह गया है। स्मार्टफोन कैटेगरी में माइक्रामैक्स की हिस्सेदारी 15 फीसदी से बढ़कर 18 फीसदी हो गई है। कार्बन मोबाइल 8 फीसदी के साथ तीसरे, लावा 6 फीसदी हिस्से के साथ चौथे और मोटोरोला 5 फीसदी हिस्से के साथ पांचवे स्थान पर है।
आईडीसी के मुताबिक पिछले साल के मुकाबले स्मार्टफोन बाजार में 84 फीसदी की ग्रोथ हुई है। आईडीसी का कहना है कि फेस्टीवल सीजन में स्मार्टफोन की बिक्री और बढ़ेगी।