दूध में डिटरजेंट की मिलावट को लेकर मदर डेयरी एक बार फिर सवालों के घेरे में है। गाजियाबाद से लिए गए मदर डेयरी दूध के सैंपल में डिटरजेंट मिलाने की पुष्टि हो गई है। कोलकाता की सेंट्रल फूड लैब ने इसकी पुष्टि की है। गाजियाबाद खाद्य विभाग को इस बारे में कोलकाता की सेंट्रल फूड लैब की रिपोर्ट मिल गई है।
इस साल 11 जनवरी को गाजियाबाद खाद्य विभाग ने मदर डेयरी दूध के सैंपल लिए थे। मेरठ की स्टेट लैब में जांच के दौरान दूध में डिटरजेंट पाया गया था। इसके बाद मदर डेयरी ने इस रिपोर्ट को खारिज करते हुए दोबारा टेस्ट को कोलकाता से कराने की मांग की थी। दोबारा जांच के लिए इस सैंपल को कोलकाता की लैब में भेजा गया और वहां भी दूध में डिटरजेंट मिलाने का आरोप सही साबित हुआ है।