एसयूवी में स्पोर्ट्स कार की तरह रफ्तार चाहने वालों के लिए मर्सिडीज ने अपनी जीएलई 450 एएमजी कूपे लॉन्च कर दी है। इसकी मुंबई में एक्सशोरूम कीमत 86 लाख 40 हजार रुपये है। दिखने में ये कार कूपे लगती है लेकिन जीएलई 450 एएमजी एक हाई परफॉर्मेंस एसयूवी है। जिसे एक कूपे कार की तरह लुक दिया गया है।
मर्सिडीज जीएलई 450 एएमजी में 3 लीटर का पेट्रोल इंजन लगा है जो 367 बीएचपी पावर जेनरेट करता है। और ये पावर 9 स्पीड ऑटोमैटिक गियर के सहारे पहियों में रफ्तार देता है। तभी तो जीएलई करीब 6 सेकेंड में 100 किलोमीटर की रफ्तार छू लेती है। ऑफरोडिंग के दौरान किसी तरह का दिक्कत ना आए इसके लिए इसमें 21 इंच के टायर लगे हैं। और जीएलई में 5 ड्राइविंग मोड दिये गये हैं जो फोर व्हील ड्राइव सिस्टम पर काम करते हैं।
ये कार उन लोगों के लिए है जो स्पोर्ट्स कार की तरह रफ्तार, एसयूवी की तरह परफॉर्मेंस और लग्जरी सेडान कार की तरह कंफर्ट चाहते हैं। इसका सीधा मुकाबला बीएमडब्ल्यू की एक्स6 से है। पिछले साल कंपनी ने 15 कारें लॉन्च की थी लेकिन 2016 में मर्सिडीज 12 कारें लॉन्च करेगी।