हाउसिंग डॉट कॉम से राहुल यादव की छुट्टी

आज कंपनी की बोर्ड बैठक में राहुल यादव को कंपनी से बाहर का रास्ता दिखाने का फैसला किया गया।

अपडेटेड Jul 01, 2015 पर 4:16 PM

हाउसिंग डॉट कॉम के सीईओ राहुल यादव की छुट्टी कर दी गई है। आज कंपनी की बोर्ड बैठक में राहुल यादव को कंपनी से बाहर का रास्ता दिखाने का फैसला किया गया। सूत्रों के मुताबिक राहुल का बेहूदा बर्ताव ही उन्हें निकाले जाने का सबसे बड़ा कारण बना है। राहुल का अब कंपनी से किसी तरह का कोई संबंध नहीं रहेगा और उन्हें इस फैसले के बाद तुरंत कंपनी के ऑफिस से निकल जाने के लिए कहा गया।

खबरों के मुताबिक हाउसिंग डॉट कॉम में सबसे बड़े निवेशक सॉफ्ट बैंक के वकीलों ने आज की बोर्ड मीटिंग से पहले पुलिस को भी बुलाया था। बोर्ड को इस बात की आशंका थी कि खुद को निकाले जाने के फैसले के बाद राहुल अपने स्वाभाव के मुताबिक लड़ाई झगड़ा भी कर सकते हैं। हालांकि राहुल ने चुपचाप फैसले को माना और वहां से निकल गए। कंपनी के बोर्ड ने फिलहाल किसी अंतरिम सीईओ का ऐलान नहीं किया।

आपको बता दें कि राहुल यादव ने कुछ दिनों पहले निवेशकों को बिना दिमाग का कहते हुए कंपनी से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि उसके लिए उन्होंने बाद में माफी भी मांगी थी। इसके पिछले हफ्ते उनके दोबारा इस्तीफे की भी खबर थी लेकिन राहुल ने मीडिया में ये कहा था कि अब वो कंपनी में ज्यादा बड़ा रोल निभाएंगे। अपने पहले इस्तीफे के कुछ दिन बाद ही राहुल ने कंपनी में अपने 200 करोड़ रुपये के शेयर्स स्टाफ में ईसॉप के तौर पर बांट दिए थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।