मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) से एक घिनौना मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले (Umaria District) में कुछ लोगों ने एक 13 वर्षीय बच्ची का अपहरण करके उसके साथ दो बार सामूहिक बलात्कार किया है। पुलिस के अनुसार 5 दिनों के अंदर लड़की के साथ 2 बार गैंगरेप किया गया है। 4 जनवरी को बच्ची का उसके एक परिचित ने अपहरण किया था। अगले 2 दिनों तक बच्ची का 6 दोस्तों ने गैंग रेप किया। पुलिस ने बताया है कि आरोपी ने 5 जनवरी को लड़की को धमकी दी कि अगर उसने इसके बारे में किसी को बताया तो उसे जान से मार देंगे। इसके बाद आरोपी ने लड़की को छोड़ दिया।
11 जनवरी को फिर से पहली वारदात में शामिल एक आरोपी ने लड़की का अपहरण कर लिया और लड़की के साथ 3 लोगों ने गैंग रेप किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जब आरोपी ने लड़की को दूसरी बार रिहा किया था तब लड़की को फिर से अगवा कर लिया गया और 2 ट्रक ड्राइवरों ने उसका रेप किया। लड़की किसी तरह वहां से भागने में सफल रही और शुक्रवार को अपने घर लौट आई।
घटना की सूचना शुक्रवार को पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए फौरन एक्शन लिया और कई टीमों का गठन किया। पुलिस ने मामले की जांच और तलाशी शुरू कर दी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने कहा कि हमने अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपियों के खिलाफ POSCO और IPC धाराओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
मध्य प्रदेश में लगातार रेप की वारदात सामने आ रही हैं। इससे एक हफ्ता पहले एक 45 वर्षीय महिला के साथ 4 लोगों द्वारा गैंगरेप की घटना सामने आई थी। रेप के बाद आरोपियों ने महिला के निजी अंग में लोहे की रोड डाल दी। इस मामले में पुलिस ने सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी पीड़ित महिला के गांव के ही हैं।
राज्य से यह घटनाएं उस समय सामने आ रही हैं जब शिवराज सिंह चौहान की सरकार पूरे राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध को लेकर जागरूकता अभियान चला रही है। इन वारदातों से एक बार फिर राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
