पशु अधिकार संगठन पीपल फॉर एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स (PETA) और भारत की मशहूर डेयरी ब्रांड अमूल (Amul) के बीच एक बार फिर टेनिस स्टार नोवाक जोकोविच के एक विज्ञापन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
पेटा ने अमूल को एक पत्र भेजकर नोवाक जोकोविच की हाल ही में फ्रेंच ओपन टेनिस चैंपियनशिप में 19वीं ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने पर अपने विज्ञापनों को हटाने के लिए कहा है। पेटा की तरफ से कहा गया है कि विज्ञापन भ्रामक है, क्योंकि जोकोविच वेगन (Plant Based) हैं और वह डेयरी उत्पाद का सेवन नहीं करते।
दरअसल, नोवाक जोकोविच के खिताब जीतने के बाद अमूल ने हाल ही में एक विज्ञापन निकाला था। विज्ञापन में जोकोविच की जीत की सराहना करते हुए कहा गया था, सर्ब कुछ जीता...दो बार (SERB KUCHH JEETA.....DO BAAR)।
हालांकि, इसका मतलब यह भी था कि टेनिस स्टार ने डेयरी उत्पादों का सेवन किया और कहा, अमूल जो खाए, उसे भाए (Amul Djo khaaye, usse bhaaye)। पेटा के मुताबिक, इसीलिए यह विज्ञापन भ्रामक है।
पेटा इंडिया के CEO डॉ मणिलाल वलियाते ने कहा कि जोकोविच एक वेगन हैं जिन्होंने अपना 19वां ग्रैंड स्लैम जीता है। उन्होंने कहा कि अब पेटा इंडिया ने अमूल को उनकी छवि का इस्तेमाल अपने उत्पाद के लिए करने के लिए खिंचाई की है।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
